अनाज मंडी में गेहूं की आवक को 3 दिन हो चुका है, मगर अब तक एक भी दाना गेहूं की खरीद नहीं हुई। हालांकि सरकार द्वारा करीब एक सप्ताह पूर्व ही खरीद एजेंसियों को तैनात कर दिया था। अब खरीद एजेंसियों में किए जा रहे बार-बार बदलाव के चलते जहां स्थिति स्पष्ट सी नजर नहीं आ रही। कुछ खरीद एजेंसी ऐसी भी सामने आई है, जिसके पास अभी न तो गेहूं खरीदने के लिए पूरा अमला है और न ही उसके पास खरीदी जाने वाली गेहूं को रखने के लिए पर्याप्त स्थान है। मंडी में जिस खरीद एजेंसी द्वारा गेहूं खरीदने का कार्य किया जाना था उसने मंडी में दस्तक तो दी मगर गेहूं में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण उसकी खरीद नहीं हुई।
दूसरी ओर किसानों का कहना है कि खरीद एजेंसियों के उदासीन रवैये के चलते ही उनकी फसल 3 दिनों से मंडी में पड़ी है। उनका कहना है कि आज तक किसी भी खरीद एजेंसी ने सही प्रकार से गेहूं की नमी को परखने का कार्य नहीं किया।
सविता चौधरी कलायत मार्केट कमेटी सचिव नियुक्त
कलायत। मार्केट सचिव सचिव मनजीत सिंह का कलायत से बरवाला का तबादला हो चुका है और उनकी जगह अब कलायत कमेटी की कमान पूर्व में सचिव रह चुकी सविता चौधरी संभालेंगी। सविता चौधरी ने अभी अपना पदभार नहीं संभाला है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सोमवार को वे कलायत मार्केट कमेटी का पदभार संभाल लेगी। सविता चौधरी पूर्व में मार्केट कमेटी कलायत में कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव के पद पर तैनात रह चुकी हैं।
गेहूं खरीद प्रबंधों को लेकर प्रशासन सख्त-गौतम
पूंडरी मंडी में सोमवार से होगी गेहूं की खरीद
पुलिस उप-अधीक्षक सतीश गौतम ने शनिवार को अनाज मंडी पूंडरी में आढ़तियों की बैठक ली। बैठक में मंडी आढ़तियों के अलावा खरीद एजेंसियों हैफेड से सुरेश कुमार, डीएफएससी से रमेश, वेयर हाउस से ईश्वर व मंडी सुपरवाइजर सतपाल सिंह के अलावा ठेकेदारों और ट्रांसपोर्टरों ने भी भाग लिया। बैठक में सामूहिक रूप से इस बात पर भी सहमति बनी की गेहूं की बोली सोमवार से शुरू की जाएगी, क्योंकि इस समय गेहूं में नमी की मात्रा अधिक है। इसके अलावा आढ़तियों ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से दो टूक कहा कि गेहूं की तुलाई तक उनकी जिम्मेवारी होगी। बाद में घटती के लिए वे जिम्मेवार नहीं होंगे। बैठक में ट्रांसपोर्टरों को भी चेताया गया कि वे उठान समय पर करें नहीं तो उन पर भी कार्रवाई करवाई जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी सतीश गौतम ने आढ़तियों से अपील की कि वे पुलिस को सहयोग करे और छोटे-मोटे विवाद पंचायती तौर पर हल कर लें। इस मौके पर मंडी प्रधान सतीश हजवाना ने डीएसपी के समक्ष मांग रखते हुए कहा कि पूंडरी से ढांड गोदाम में जाते हुए ट्रक चालक और ढाबा मालिकों की मिलीभगत से गेहूं की चोरी होती है। पिछले साल मंडी आढ़तियों की एक टीम ने अपने स्तर पर इसकी जांच की थी और पाया था कि ट्रक ड्राइवर एक ट्रक दो से तीन बोरी ढाबे पर उतार देते है। जिसके चलते आढ़तियों को घटती का नुकसान सहना पड़ता है। मंडी प्रधान की मांग पर डीएसपी ने कहा कि वे स्वयं पूंडरी से ढांड जाते हुये सभी ढाबा मालिकों को आगाह करेंगे कि ट्रकों के चोरी का माल न ले नहीं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सतनारायण गर्ग, बलदेव चोरकारसा, भूषण म्योली, प्रदीप कुमार, सेवा सिंह खारा, सुरेश गोयल, प्रवीण हाबड़ी, शमशेर सिंह, जयपाल सैनी, अजीत सिंह, बलबीर राणा व रणजीत सिंह समेत कई आढ़ती मौजूद थे।
ढांड में ली डीएसपी ने मीटिंग
ढांड। डीएसपी कैथल सतीश गौतम ने ढांड मंडी आढ़तियों की मीटिंग ली। मीटिंग में मंडी के अधिकतर आढ़तियों ने भाग लिया। उन्होंने ने मंडी आढ़तियों का आह्वान किया कि पुलिस के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अगर सभी आपस में तालमेल बनाकर काम करें तो किसी को भी परेशानी नही होगी। गौतम ने अपना सरकारी नंबर 9729990205 जारी करते हुए कहा कि 24 घंटे यह नंबर आपकी सेवा में तत्पर रहेगा। ढांड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद ने भी आढ़तियों को संबोधित किया। इस अवसर पर मंडी प्रधान जंगशेर, पूर्व मंडी प्रधान ऋषिपाल खनौदा, मा. रघबीर शर्मा, श्रीनिधि मिश्रा, जय सिंह गुर्जर, गुलाब सिंह पाबला, नरेश, शीशपाल, सतीश शर्मा भी मौजूद थे।
विधायक ने किया मंडी का दौरा
गुहला-चीका। विधायक कुलवंत बाजीगर ने गेहूं खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों के गेहूं को तुरंत खरीदे तथा खरीद होने के बाद मंडी से उठान की व्यवस्था भी अच्छी प्रकार से करें। ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न आए। कुलवंत बाजीगर शनिवार को मार्केट कमेटी के कार्यालय में खरीद एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने खरीद से संबंधित आवश्यक मापदंडों बारे पहले ही अधिकारियों को आदेश दिए जा चुके हैं। इस मामले में किसी भी स्तर पर कौताही बर्दास्त नहीं होगी। उन्होंने मार्किट कमेटी के अधिकारियों को जहां किसानों को गेहूं के सीजन दौरान बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रबंधों को पुख्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। खरीद एजेंसियों को भी नियमानुसार गेहूं की खरीद करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर किसानों व आढ़तियों से बात-चीत की तथा उनकी समस्याएं सुनकर मौके पर ही समाधान करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के सचिव देवेंद्र सिंह मोर, खाद्य आपूर्ति विभाग से निरीक्षक सुरेंद्र, एफसीआई से वरूण, हैफेड़ के अधिकारी, मंडी प्रधान जयपाल गर्ग, ब्लाक समिति के चेयरमैन नेत्रपाल शर्मा, जय प्रकाश सीड़ा, गुरनाम सिंह, ईश्वर सीड़ा, रामकिशन, कुलदीप सिंह, मुनी लाल गर्ग, चिमन लाल, रामपाल, नरेश कुमार, मनीष कुमार, सन्नी कालड़ा, छितरमल, गुरविन्द्र सिंह, मोहन भागल मौजूद रहे।
राजौंद मंडी में शुरू हुई खरीद, किसानों ने ली राहत की सांस
राजौंद। अनाज मंडी में शनिवार को पहले दिन गेहूं की खरीद शुरू हुई। जिससे पिछले कई दिनों से मंडी में डेरा डाले किसानों ने राहत की सांस ली। पहले दिन गेहूं की खरीद हरियाणा वेयर हाउस द्वारा की गई। खरीद के दौरान नायब तहसीलदार नरेश कुमार व पाई मार्केट कमेटी के सचिव वीरेंद्र कुमार, हरियाणा वेयर हाउस के निरीक्षक दीपक कुमार की मौजूदगी में खरीद शुरू हुई। नायब तहसीलदार नरेश कुमार ने किसानों से कहा कि वह साफ गेहूं ताकि उन्हें मंडी में किसी प्रकार की दिक्कत न उठानी पड़ी। सरकार द्वारा सख्त दिशा निर्देश है कि किसानों को गेहूं खरीद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नही होनी चाहिए। उन्होंने मंडी से संबंधित सभी स्टाफ को जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार कहा कि मंडी के उठान के लिए ठेकेदारों को सख्ती से पेश आए ताकि गेहूं उठान में किसानों को कोई परेशानी न रहे। मार्केट कमेटी पाई के सचिव वीरेंद्र कुमार ने बताया कि राजौंद मंडी में गेहूं खरीद के लिए सप्ताह में तीन दिन हरियाणा वेयर हाउस खरीद करेंगी।
गेहूं की खरीद नहीं हुई तो किसान उतरेंगे सड़कों पर : हाबड़ी
पूंडरी। भारतीय किसान यूनियन ने भाकियू के राष्ट्रीय सलाहकार अजीत सिंह हाबड़ी के नेतृत्व में मार्केट कमेटी सचिव की अनुपस्थिति में मंडी सुपरवाइजर महेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने सरकार से मांग की है कि मंडी में पहुंची किसानों की गेहूं की अति शीघ्र खरीद की जाए व खरीद सेंटरों पर किसानों के लिए बिजली व पीने के पानी का व्यापक प्रबंध किया जाए। ज्ञापन देने पूर्व भाकियू की बैठक किसान भवन पूंडरी में जिला उप प्रधान पाला राम संगरोली की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य रूप से भाकियू के राष्ट्रीय सलाहकार सरदार अजीत सिंह हाबड़ी व प्रदेश कोषाध्यक्ष सरदार सुखविंद्र सिंह खारा ने भाग लिया। बैठक में किसानों की समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अजीत सिंह हाबड़ी व सुखविंद्र सिंह खारा ने कहा कि एक तरफ तो भाजपा सरकार किसान हितैषी होने का दम भरते नहीं थकती और दूसरी ओर किसानों के हितों को दरकिनार करने में लगी है। इस मौके पर मांगे राम सिकंदर खेड़ी, नसीब सिंह, भाग सिंह, पाला राम, सुरेश, हरजिंद्र सिंह, बलबीर सिंह, अमनप्रीत, जगदीश पाई, बलवान, करतारा, साधू राम व चमेल सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद थे।