3केएलटी1: विजयी जलूस में शामिल राहुल, कोच अवतार सिंह व सरपंच प्रतिनिधि सुरेश सहारण
कैथल। जिले के खरक पांडवा गांव के कबड्डी खिलाड़ी राहुल सहारण न्यूजीलैंड में इंटरनेशनल सर्कल कबड्डी टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद बुधवार को अपने गांव लौट आए। उनके गांव में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और फूलों की बारिश के बीच राहुल को कंधों पर उठाकर गांव लाया गया। राहुल के कोच अवतार सिंह बठिंडा ने बताया कि राहुल ने भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय गांवों के युवा किसी से कम नहीं हैं। राहुल ने देश-विदेश के कई बड़े मैदानों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
सरपंच सुरेश कुमार सहारण ने कहा कि यह गांव के लिए महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने जोर दिया कि राहुल ने साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो आर्थिक स्थिति सफलता में बाधा नहीं बन सकती। शहीद युवा खेल कमेटी के संचालक अशोक संधू और सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी कमेटी का उद्देश्य हमेशा से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को अवसर प्रदान करना रहा है। उन्होंने राहुल को इस पहल का एक प्रमुख उदाहरण बताया। स्वागत समारोह घंटों तक चला, जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी शामिल हुए। शाम तक गांव में उत्साह का माहौल बना रहा। राहुल ने हाथ जोड़कर सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान उनके गांव का है। उन्होंने आगे भी देश और गांव का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। किसान चौक पर भारतीय किसान यूनियन ने राहुल के लिए एक अलग स्वागत समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर जिला प्रधान चौधरी गुरनाम सिंह सहारण, सतपाल सिंह, खाप प्रधान साधु राम सहारण, किसान नेता सुरेंद्र सिंह चौशाला और प्रीतम सिंह लंबा खेड़ी सहित अन्य नेताओं ने राहुल को सोने का मेडल, सम्मान पगड़ी और फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
गांव के शहीद भगत सिंह खेल कमेटी के प्रधान अशोक संधू ने बताया की गांव के प्रतिभावान खिलाड़ियों को तराशने व उनको मंच देने के लिए ग्राम पंचायत को खेल कमेटी का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। राहुल को भी शहीद भगत सिंह खेल कमेटी के कोच अवतार बडसीकरी द्वारा तराशा गया है। उन्होंने बताया जैसे क्रिकेट लीग होती हैं उसी तरह से पंजाब में कबड्डी लीग होती है। पंजाब की टीमों का मुकाबला न्यूजीलैंड में करवाया गया। पांच टूर्नामेंटों में से राहुल की टीम ने तीन में अपनी विजय दर्ज करवाई। कबड्डी लीग के मैचों में राहुल को बेस्ट कैचर के अवार्ड से सम्मानित किया गया। सरपंच प्रतिनिधि सुरेश सहारण ने बताया की उनके गांव में खिलाडिय़ों को तराशने के लिए शहीद भगत सिंह खेल कमेटी है जो खेलों के हिसाब से खिलाडिय़ों तराशती है। होनहार खिलाड़ी राहुल ने कहा कि हर युवा को प्रकृति ने नैसर्गिक तौर पर कोई न कोई प्रतिभा दी है। युवाओं को उसे पहचान कर उसको मंजिल तक पहुंचाने पर पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने कोच अवतार सिंह, शहीद भगत सिंह खेल कमेटी व ग्राम पंचायत को दिया।