संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। पूंडरी विधायक जांबा ने कहा कि भारत के अनगिनत वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर हमें आजादी दिलाई। आजादी के बाद भी जब-जब देश के दुश्मनों ने भारत की अखंडता और गौरव को ठेस पहुंचाने की कोशिश की, तब-तब हमारे बहादुर सैनिकों ने मुंहतोड़ जवाब दिया और तिरंगे की आन-बान-शान को अक्षुण्ण रखा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस विजन को साकार करने में हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।
विधायक जांबा शुक्रवार को अनाज मंडी कलायत में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे थे। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।
उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोष लोगों की जान गई और हमारी बहनों का सिंदूर उजड़ा। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन सिंदूर को सफल अंजाम देकर दुश्मन के नापाक इरादों को नेस्तनाबूद किया।
जांबा ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों में ऊर्जा लगाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पूंडरी हलके में अनेक खेल नर्सरियां, इंडोर जिम और योग व्यायामशालाएं स्थापित की गई हैं। वहीं पर्यावरण संरक्षण के लिए 54 गांवों में हजारों पौधे लगाए गए और स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया गया है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अंकित राणा, मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत, पार्षद कुमारी रेणु धानियां, संजय सिंगला, कुलदीप दहिया, सचिन राणा, प्रदीप राणा, रवींद्र निर्मल, महिपाल पंवार, विनोद जेष्ठ, जगदीश रायका, आशीष राणा, अनिल कंसल, ईशम सिंह साकरा, संजय कुमार सहित प्रशासन की ओर से एसडीएम अजय हुड्डा, डीएसपी बीरभान, तहसीलदार अजय कुमार, बीडीपीओ रितु शर्मा, एसएमओ डॉ. किरण, नगर पालिका सचिव पवन शर्मा आदि मौजूद रहे।
इन स्कूलों के विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस समारोह में एचवीएम कुराड़, आरोही माध्यमिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामगढ़ पांडवा, एमडीएन पब्लिक स्कूल कलायत, निर्मल पब्लिक स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शिक्षा भारती विद्या निकेतन के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
111 कलायत। मंच से संबोधित करते कार्यक्रम के मुख्यातिथि विधायक सतपाल जांबा