संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर खरक पांडवा गांव के पास बने अंडरपास में हर साल बारिश के मौसम में पानी भरना ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। स्कूली बच्चों, कॉलेज की छात्राओं, बुजुर्गों और बाइक सवारों को जान जोखिम में डालकर अंडरपास पार करना पड़ता है।
गो चिकित्सालय ट्रस्ट खरक पांडवा के अध्यक्ष पंडित बलबीर सिंह और अन्य सदस्यों ने इस गंभीर समस्या को लेकर कैथल के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अंडरपास में जल निकासी की स्थायी और तकनीकी व्यवस्था कराने की मांग की।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है। कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें करने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं किया गया। बारिश के दौरान अंडरपास में कई फीट तक पानी भर जाता है जिससे सड़क दिखाई ही नहीं देती। कई वाहन चालक और स्कूली बच्चे गिरकर घायल हो चुके हैं।
कॉलेज की छात्राओं को मजबूरन लंबा चक्कर लगाना पड़ता है जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं बुजुर्गों को जरूरी कामों के लिए गांव से बाहर जाना मुश्किल हो गया है। ग्राम सरपंच प्रतिनिधि सुरेश सहारण ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार हरियाणा सरकार और संबंधित विभागों को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कैथल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और अन्य सामाजिक संगठनों ने भी ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर इस मांग का समर्थन किया। ग्रामीणों ने इसे सरकार की जिम्मेदारी बताते हुए जल्द समाधान की मांग की है।