संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। बीर-बागड़ा गांव के सरकारी स्कूल के सामने से गुजरने वाली गली में जलभराव से स्कूल के विद्यार्थियों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि गली में इतना पानी जमा हो गया है कि कोई व्यक्ति पैदल भी आसानी से नहीं निकल सकता। इसे लेकर लोगों में जबरदस्त रोष व्याप्त है।
कृष्ण कुमार रोहिल्ला, वेद प्रकाश, कर्मवीर, आजाद, राजेंद्र, कुलदीप, रामदत्त, कपिल, रिंकू सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि यह गली गांव की मुख्य गली है, जहां से हर समय लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद यहां पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
यहां दो सरकारी स्कूल—राजकीय प्राथमिक पाठशाला और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय—भी हैं, जिनमें सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते हैं। पहली से स्कूल खुलेंगे तो उन्होंने बहुत समस््या होना तय है।
लंबे समय से गली में पानी निकासी न होने से गंदा पानी जमा हो जाता है, जिससे बच्चों और अभिभावकों को खासी दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले ही गली में इतना पानी भर गया है, तो बरसात में हालात और भी खराब हो जाएंगे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गली की जलनिकासी की जल्द से जल्द उचित व्यवस्था की जाए।