संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने भाखड़ा नहर से हरियाणा को मिलने वाले पानी में कटौती कर दी है। पंजाब से भाखड़ा के जरिए सिरसा में आना वाला नहरी पानी कम हो गया है। अब तक जिले में जिले में 1350 क्यूसेक से अधिक पानी आता था, जो घटकर 400 रह गया है।
भाखड़ा से होकर सिरसा में पांच मुख्य नहरें आती है। इन नहरों में पानी की मात्रा कम होने से कैथल शहर में जल संकट गहरा सकता है। अप्रैल के बाद अब मई और जून की गर्मी में हालात बिगड़ भी सकते हैं। ऐसे में जल संकट से निपटने के लिए लोगों को जल संरक्षण पर ध्यान देते हुए पानी बचाकर खर्च करना होगा।
शहर की 70 प्रतिशत की आबादी नहरी पानी पर आधारित है। गर्मियोंं में पानी की 37 मिलियन प्रतिदिन खपत होती है। इसमें से 25 मिलियन लीटर पानी नहरी होता है। शहर में कुरुक्षेत्र से आ रही सिरसा ब्रांच से पानी की आपूर्ति की जाती है। इस समय 32 दिन में नहर का पानी आता है। इसमें अभी 10 दिन का समय बाकी है।
चूंकि गर्मियों में पानी की खपत बढ़ जाती है इसलिए पानी की किल्लत झेलनी पड़ सकती है। ऐसे में सभी शहरवासी पानी का प्रयोग संभलकर करें।
पानी व्यर्थ न बहाएं। दूसरी ओर अधिकारियों का दावा है कि उनके टैंकों में अभी पानी पर्याप्त है। अब नहर का समय खत्म होने के बाद ही पानी की स्थिति को लेकर सही जानकारी मिल पाएगी।
समझें समस्या
भाखड़ा से हरियाणा को करीब 9000 क्यूसेक पानी मिल रहा है। पंजाब सरकार ने अचानक ने इस आपूर्ति को घटाकर 4000 क्यूसेक कर दिया है। भाखड़ा से पानी की आपूर्ति घटने के चलते प्रदेश के कई जिलों में पानी की समस्या भी बढ़ गई है।
प्रति व्यक्ति मिल रहा 155 लीटर पानी
जनस्वास्थ्य विभाग इस समय शहर में प्रति व्यक्ति के अनुसार 155 लीटर पानी दे रहा है। शहर में एक दिन में विभाग के प्योदा व मानस रोड स्थित टैंकों से प्रतिदिन 37 मिलियन लीटर पानी की आपूर्ति शहर में की जा रही है। अब पंजाब की ओर पानी की मात्र कम किए जाने के कारण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था खराब होने की स्थिति पैदा हो सकती है। फिलहाल अभी की सि्थति संतोषजनक है।
अभी परेशानी नहीं है। पानी संग्रह करने के लिए टैंकाें की संख्या भी बढ़ी है। आगे सिरसा ब्रांच में नहरी पानी की स्थिति के बाद सही जानकारी मिलेगी। - गोपाल वेद, एसडीओ-जनस्वास्थ्य विभाग
जैसे ही पाकिस्तान का पानी बंद करने की बात कही गई, पंजाब की आम आदमी सरकार ने हरियाणा का पानी ही बंद कर दिया। लगता है पंजाब सरकार को दर्द हो रहा है। -लीलाराम, पूर्व विधायक और भाजपा नेता