संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। नगरपालिका चुनाव के लिए भावी प्रत्याशियों ने भाग दौड़ शुरू कर दी है। चुनाव लड़ने से पहले कागजात की दौड़ धूप की जा रही है। पहले जंग कागजात की है जो जीतनी आवश्यक है। चुनाव में भाग लेने के लिए क्या-क्या कागजात आवश्यक हैं के सवाल पर नगरपालिका सचिव दीपक कुमार ने बताया कि शिक्षा की शर्त के साथ कई अन्य दस्तावेज होने पर चुनाव लड़ने का मौका मिल सकेगा
उन्होंने बताया कि नगरपालिका का चुनाव दो मार्च को होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया 11 फरवरी से आरंभ होगी। जो भी उम्मीदवार नामांकन करना चाहते हैं उसके लिए उन्हें अपने कागजात पूरे करने होंगे। उन्होंने बताया कि पुरुषों के लिए जहां 10वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है वहीं महिलाओं के लिए आठवीं पास होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति के पुरुषों के लिए 8वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है और अनुसूचित जाति की महिला के लिए पांचवीं कक्षा पास होना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि यह शिक्षा की शर्त नगरपालिका के एमसी के चुनाव के लिए है। इसमें अनुसूचित जाति की महिला यदि अध्यक्ष का चुनाव लड़ना चाहती है तो उसके लिए शिक्षा आठवीं पास होना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्याशी की आयु 21 वर्ष की होनी चाहिए। इसके लिए आधार कार्ड, वोट कार्ड, जाति प्रमाण पत्र यदि रिर्जव वार्ड में चुनाव लड़ना है, नोमिनेशन फार्म के साथ साथ पैकस का नो डयूज प्रमाणपत्र, कोऑपरेटिव सेंट्रल बैंक का नो ड्यूज प्रमाणपत्र, बिजली विभाग से नो ड्यूज प्रमाणपत्र, नगरपालिका से नो ड्यूज प्रमाणपत्र व जन स्वास्थ्य विभाग से नो डयूज प्रमाणपत्र आवश्यक है।
कब होगा नामांकन ः दीपक कुमार ने बताया कि 11 से 17 फरवरी का नामांकन प्रक्रिया चलेगी, 18 फरवरी को छंटनी होगी और 19 फरवरी को नाम वापसी होगी और 19 फरवरी को ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। दो मार्च को चुनाव होगा और इसका परिणाम 12 मार्च को आएगा।