सांसद नवीन जिंदल विवेक को सम्मानित करते हुए। विज्ञप्ति
कैथल। सांसद नवीन जिंदल की पहल और फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित माय भारत क्विज के प्रथम चरण का समापन हुआ। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पट्टी अफगान की कक्षा 12वीं के विद्यार्थी विवेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कैथल जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र की संयुक्त स्पर्धा में भी विवेक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में जिले के करीब 100 सरकारी और निजी विद्यालयों के 3000 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रारंभिक परीक्षा के बाद जिला स्तर पर 300 विद्यार्थियों के बीच अंतिम प्रतिस्पर्धा करवाई गई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित विशेष समारोह में सांसद नवीन जिंदल ने विवेक को प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा ने विवेक, उसके अभिभावकों और विद्यालय के शिक्षकों को बधाई दी। सांसद कार्यालय कैथल के प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि क्विज का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय ध्वज की विकास यात्रा से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान के साथ उनमें राष्ट्र प्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करती हैं।
सांसद नवीन जिंदल विवेक को सम्मानित करते हुए। विज्ञप्ति