संवाद न्यूज़ एजेंसी
ढांड। सिरसा नहर ब्रांच पुल कौल से बस अड्डा तक करनाल-पटियाला हाईवे की टूटी सड़क से नाराज लोगों ने संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। उनका कहना था कि सड़क पर गड्ढों से राहगीरों को बहुत परेशानी होती है। वाहन चलाते समय हादसे का डर रहता है। इसके अलावा टूटी हुई सड़क से दिन-रात धूल-मिट्टी उड़कर घरों में पहुंच जाती है।
ग्रामीण धर्म सिंह, खुशी राम, काबल, शेर सिंह, महेंद्र सिंह, गजे सिंह, जसबीर सिंह, जसविंद्र सिंह आदि ने बताया कि यह सड़क काफी दिनों से टूटी हुई है। उन्होंने कहा कि धूल-मिट्टी उड़ने से उनका घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। लोगों का कहना है घरों के बाहर कपड़े सुखाते हैं तो उन पर मिट्टी की परतें जम जाती है। खाने के सामान तक में धूल मिट्टी घुस जाती है। यहां तक कि घर में बैठ कर भोजन ग्रहण करना भी मुश्किल हो रहा है।
नाराज ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क को ठीक करने के लिए कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से गुहार लगा चुके है लेकिन आज तक उनकी समस्या का कोई समाधान नही हो सका है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही उन्हें टूटी हुई सड़क से उड़ने वाली धूल मिट्टी से निजात दिलाई जाए, नहीं तो उन्हें मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
दूसरी ओर इस मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता वरुण कंसल का कहना है कि कौल में जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवरेज बिछाने का कार्य चल रहा है। जब तक जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्य पूर्ण नही कर लिया जाता तब तक हर प्रकार की जिम्मेदारी उनकी बनती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज ही जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसके लिए कहा जाएगा। ग्रामीणों को धूल मिट्टी से परेशानी नही होने दी जाएगी।