संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। ब्लॉक समिति कार्यालय पूंडरी में वीरवार को आयोजित एक समारोह में अध्यक्ष सुषमा व उपाध्यक्ष आरती ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। कैथल एसडीएम अजय कुमार ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को शपथ दिलाई।
इस मौके पर विधायक सतपाल जांबा विशेष रूप मौजूद रहे। इसके बाद विधायक सतपाल जांबा व जिला परिषद अध्यक्ष कर्मबीर कौल ने दोनों को सीट पर भी बैठाया और बधाई दी। विधायक ने कहा कि पिछले दो सालों से जो विकास कार्य रुके हुए थे, उन्हें गति मिलेगी। उन्हें विश्वास है कि नव निर्वाचित अध्यक्ष सभी सदस्यों को साथ लेकर चलेंगी और पूरे ब्लॉक में एक समान विकास करवाएंगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण उत्थान की दिशा में सरकार सक्रिय भूमिका निभा रही है। ऐसे में ब्लॉक समिति की पूरी टीम सजगता का परिचय देते हुए ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं देने में अग्रणी भूमिका अदा करें। पदभार संभालने के बाद अध्यक्ष सुषमा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता सभी गांवों में एक समान विकास कार्य करवाना है और पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना है।