राजौंद। गांव संतोख माजरा में सोमवार को पानी की समस्या को लेकर लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग को जमकर कोसा, पिछले चार माह से पानी की सप्लाई करने वाला बोर ही खराब पड़ा है। इससे ग्रामीण पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं। इस बारे में ग्रामीण सुरेश पंच, जरनैल, मिट्ठू, राकेश, सुनील, अमन, कमल, प्रदीप, भगवान दास, विनोद, गंजू, काका, रोमी ने बताया कि उनके गांव में पिछले 4 माह से बोर खराब पड़ा है, जिससे उन्हें पानी नहीं मिल रहा।
पानी की एक-एक बूंद के लिए वह तरस रहे हैं। संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवा चुके हैं। उसके बावजूद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा गांव में पानी का कोई भी साधन उपलब्ध नहीं है। जिससे सभी लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो प्रदर्शन करेंगे। संवाद