सीवन। चार महीने का बिजली का बिल एक साथ आने व नगरपालिका में लागू किए गए करों से परेशान होकर सीवन शहर के लोगों ने मंगलवार को कैथल-पटियाला मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। वेयरहाउस गोदाम के पास जाम लगाकर नाराज लोगों ने नगरपालिका भंग करने की मांग की। प्रदर्शन कर जाम लगाने की सूचना पाकर पुलिस और साथ ही नायब तहसीलदार सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर करीब आधे घंटे बाद जाम खुलवाया।
प्रदर्शन में शामिल नरेंद्र, सुरेश, गुरमेल सिंह, बचन सिंह, कमलेश, सोनू, संदीप व नरेश ने बताया कि बिजली निगम की ओर से चार महीने का बिल भेजा गया है। मेहनत-मजदूरी करने वाले लोग इतने अधिक बिल को भरने में असर्मथ हैं। जो भी बिल अधिक आए हैं उन पर सरकार की ओर से सब्सिडी मिलती थी, वह भी नहीं मिली है। जब से सीवन को नगरपालिका का दर्जा मिला है तब से उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगरपालिका के नए-नए कर जनता पर थोपे जा रहे हैं। इसके बदले में कोई भी सुविधा उन्हें नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार व प्रसाशन से मांग करते हुए कहा कि सीवन को मिला नगरपालिका का दर्जा भंग किया जाए व दोबारा से पंचायत का दर्ज दिया जाए।
आधे घंटे तक लगे इस जाम से दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई, जिससे वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। सूचना पर जाम खुलवाने के लिए मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार सुनील कुमार को लोगों ने अपनी मांगों का पत्र सौंपा। सुनील कुमार ने कहा कि इस पत्र को े जल्द ही डीसी के पास पहुंचा दिया जाएगा। उच्च अधिकारियों की ओर से जो भी आदेश आएंगे उनका पालन किया जाएगा।