संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। करनाल-पटियाला हाईवे पर कौल बस स्टैंड से नहर पुल तक सड़क में बने गहरे गड्ढों और दलदल से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया।
ग्रामीण शिवकुमार, राजू पंचाल, प्रवीण, सुरेंद्र, कर्मबीर, सावन, कालू, राजेश गोलन, अजमेर, सुरेश और सुशील कुमार ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से पूरी तरह जर्जर है। गहरे गड्ढों और दलदल के कारण यहां से पैदल चलना और वाहन निकालना बेहद मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी नजर आती है। तब राहगीरों को बहुत परेशानी होती है। खासकर दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दलदल में वाहन धंस जाने से हादसे का खतरा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन देकर टाल दिया जाता है कि समस्या जल्द हल कर दी जाएगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त किया जाए और उन्हें इस परेशानी से राहत दिलाई जाए। समस्या का समाधान न हुआ तो आंदोलन करेंगे।
यह मामला अब संज्ञान में आया है। शीघ्र ही सड़क के गहरे गड्ढों को भरवाने की कार्रवाई शुरू करवाई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। -रविंदर, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग