संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के सेक्टर-21 क्षेत्र में चलती कार में युवाओं के खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह स्टंट सिविल लाइन थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर किया गया।
लोगों का कहना है कि पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद शहर के कई युवा स्टंटबाजी कर अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं। अबकी कार सवार युवकों ने खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं। यह वायरल वीडियो में देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रही कार में पांच युवक सवार हैं। दो युवक कार की छत पर बैठे हैं, जबकि अन्य दो युवक खिड़कियों पर लटककर स्टंट कर रहे हैं। वहीं, कार चालक तेज गति से वाहन को चला रहा है। लोगों का कहना है कि इससे किसी भी बड़े हादसे की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता।
लोगों का कहना था कि सड़क पर यदि कोई स्टंटबाजी करता है, तो वह अपने साथ दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन जाता है।
मामला पुलिस के संज्ञान में आ गया है। सेक्टर-21 क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पुलिस पहचान कर रही है। -नरेश कुमार, ट्रैफिक एसएचओ