मोटर व्हीकल एक्ट में किए गए बदलाव का असर जिले में दिखना शुरू हो गया है। लोग भारी भरकम जुर्माने से बचने के लिए नियमों की पालना करने लगे हैं। जहां हर रोज 250 से अधिक चालान होते थे, वहीं दो दिनों में ये संख्या घटकर 55 हो गई । दो दिनों में जिले में अधिकतम चालान एक कार सवार का हुआ है। जो शराब पीकर गाड़ी चला रहा था। उसे 21000 रुपये का जुर्माना किया गया। सख्त नियम और भारी भरकम जुर्माने से बचने के लिए लोग अपने सभी कागजात पूरे करने में जुटे हुए हैं। शहर में बीमा करवाने, हेलमेट खरीदने व प्रदूषण प्रमाण पत्र लेने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है।
दो दिन में हुए 55 के करीब चालान: शहर में ट्रैफिक पुलिस की ओर से दो व तीन सितंबर को करीब 55 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में दो सितंबर को कुल 21 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें से हेल्मेट के 18 व ड्राइविंग लाइसेंस के तीन चालान काटे गए। इसके बाद तीन सितंबर को भी 35 से ज्यादा वाहन चालकों के चालान किए गए। चालान काट रहे पुलिस कर्मचारियों ने कहा कि भले ही इसे रेटों के बढ़ने का डर कहें या आमजन की जागरूकता, लेकिन ट्रैफिक नियमों का पालन करने की ओर वाहन चालक सजग हुए हैं। जबकि पहले हर रोज 250 से अधिक चालान किए जाते थे।
शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 21 हजार का चालान : ट्रैफिक पुलिस ने दो दिनों में अब तक का सबसे बड़ा चालान शहर के करनाल रोड पर 21 हजार रुपये का किया है, जिसका चालक शराब पीकर गाड़ी चला रहा था। इसके साथ-साथ चालक के पास गाड़ी के अन्य दस्तावेज भी नहीं थे। पुलिस चालान कर गाड़ी को थाने ले गई। अब चालक को गाड़ी छुड़वाने के लिए 21 हजार रुपये राशि भरनी होगी, अन्यथा उसे गाड़ी इंपाउंड रहेगी।
कहीं नियमों को सही तो कहीं ठहराया जा रहा गलत : चालान की नई राशि निर्धारित करने के नियमों को कहीं गलत तो कहीं सही ठहराया जा रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि चालान के रेट बढ़ने से वाहन चालक ट्रैफिक नियमों को पालन तो करेंगे, लेकिन उन लोगों को चालान की बड़ी राशि अदा करने में दिक्कत आएगी, जिनकी आय काफी कम है।
विभागीय आदेशानुसार की जा रही कार्रवाई- ट्रैफिक एसएचओ जयवीर ने बताया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती की जा रही है। नियम की न पालन करने वाले वाहनों के लगातार चालान किए जा रहे हैं और आगे भी किए जाएंगे। अभिभावक खुद भी यातायात के नियमों का पालन करें और अपने बच्चों को भी इसके लिए जागरूक करें। पिछले तीन दिनों में 21000 रुपये का अधिकतम चालान किया गया है। साथ ही कुल 55 चालान अभी तक हुए हैं। पहले 250 से अधिक चालान हर रोज होते थे।
हर रोज 15 से 20 बाइक मालिक करवाने लगे हैं बीमा: ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि पहले एक दिन में मुश्किल से चार से पांच इंश्योरेंस बाइक सवार करवाते थे। लेकिन नए नियमों में हर रोज 15 से 20 बाइकों के बीमा करवा रहे हैं। यही स्थिति कारों की भी है, लोग कारों का बीमा करवाने के लिए आ रहे हैं। वहीं हेलमेट विक्रेता रॉबिन ने बताया कि तीन दिनों में 50 प्रतिशत बिक्री बढ़ गई है। पहले एक दिन में 60 से 70 हेलमेट बिकते थे। तीन दिनों से 200 हेलमेट प्रतिदिन के हिसाब से बिक रहे हैं।