कैथल। सर्दियों के मौसम में सब्जियों के दामों में गिरावट आने से जिले के लोगों को बड़ी राहत मिली है। पिछले एक हफ्तों से सब्जी मंडियों और स्थानीय बाजार में सब्जियों के दाम पहले के मुकाबले काफी कम हो गए हैं। इससे आम उपभोक्ता जहां खुश नजर आ रहे हैं, वहीं दुकानदारों का कहना है कि बिक्री में बढ़ोतरी हुई है।
नई सब्जी मंडी, पुराना बस स्टैंड और शहर के विभिन्न बाजार में इस समय गोभी, गाजर, मटर, मूली, पालक और टमाटर के दामों में कमी देखी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार सर्दियों में फसल की आवक बढ़ने से दाम अपने आप कम हो जाते हैं।
नई सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेता सुरेश कुमार ने बताया कि सर्दियों में खेतों से सीधी सप्लाई आती है, इसलिए सब्जियों की कमी नहीं रहती। इस समय मूली और फूलगोभी और पत्ता गोभी के दाम काफी कम हो गए हैं, जिससे ग्राहकों की संख्या बढ़ी है।
वहीं पुराना बस स्टैंड के पास सब्जी विक्रेता रमेश ने कहा कि पहले टमाटर का दाम 40 रुपये प्रति किलो था लेकिन अब टमाटर 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। इससे ग्राहक ज्यादा मात्रा में सब्जी खरीद रहे हैं और बिक्री भी ठीक चल रही है।
ग्राहकों का कहना है कि सस्ती सब्जियां मिलने से घर का बजट संतुलित हो गया है। गृहिणी सुनीता देवी ने बताया कि कुछ समय पहले सब्जियों के दाम इतने ज्यादा थे कि सब्जी खरीदना मुश्किल हो गया था। अब दाम कम होने से हम हरी सब्जियां ज्यादा ले पा रहे हैं।
दुकानदारों का यह भी कहना है कि सर्दियों में सब्जियों की गुणवत्ता बेहतर होती है, जिससे मांग बनी रहती है। हालांकि कुछ दुकानदारों ने यह भी बताया कि ज्यादा आवक होने से मुनाफा थोड़ा कम हो जाता है पर नुकसान नहीं होता।
चंदाना गेट पर सब्जी विक्रेता दिलीप ने बताया कि अगर मौसम इसी तरह अनुकूल रहा तो आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम स्थिर बने रहेंगे। इससे आम जनता को राहत मिलती रहेगी।
सब्जियां के दाम (एक हफ्ते पहले और अब)
सब्जी पहले अब
मूली 15 रुपये किलो 10 रुपये किलो
मटर 25 रुपये किलो 20 रुपये किलो
गोभी 15 रुपये किलो 10 रुपये किलो
गाजर 20 रुपये किलो 10 रुपये किलो
टमाटर 40 रुपये किलो 30 रुपये किलो
आलू 20 रुपये किलो 10 रुपये किलो