संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/पूंडरी/गुहला/चीका। आढ़तियों ने मांगें न माने जाने पर शनिवार से सब्जी मंडियां बंद रखने का निर्णय लिया है। कैथल के आढ़तियों का कहना है कि सरकार ने सभी आढ़तियों को आगामी वित्त वर्ष अप्रैल से मंडी की एडवांस फीस में भरने का नोटिस दिया है। सरकार के इस निर्देश से सब्जी मंडी आढ़तियों में रोष है। इसके चलते जिले की फल व सब्जी मंडियां बंद रहेंगी। साथ ही पंजाब और अन्य राज्यों से प्रतिदिन आने वाली सप्लाई भी नहीं पहुंचेगी।
नाराज आढ़तियों की ओर से अनिश्चितकालीन हड़ताल को कामयाब बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली है। सब्जी मंडी बंद होने से आम जनता को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के जिला प्रधान वीरेंद्र सतीजा ने कहा कि एडवांस मार्केट फीस को लेकर व्यापारी पहले से विरोध कर रहा है। सरकार ने मार्केट फीस हटाने के बजाय इसे एक मुश्त किश्त के स्वरूप में व्यापारियों पर लाद दिया है। यह सरासर गलत है। इसके चलते प्रदेशभर के व्यापारियों में रोष है। उन्होंने बताया कि किसानों को पहले से आढ़तियों की हड़ताल से अवगत करा दिया गया है। मार्केट फीस बढऩे का सीधा असर किसानों और आमजन पर पड़ेगा। इससे पहले भी आढ़तियों ने मंडी को बंद कर रोष प्रदर्शन किया था।
शनिवार और रविवार को सब्जी मंडी रहेगी बंद ः पूंडरी में एडवांस मार्केट फीस के विरोध में सब्जी मंडी के आढ़तियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए शनिवार-रविवार को मंडी बंद करने का एलान कर दिया।
विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए मंडी प्रधान हरिचंद सैनी ने बताया कि सरकार जानबूझकर व्यापारियों को तंग करने पर तुली हुई है। एक तो पहले से मार्केट में मंदी के चलते व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, उस पर सरकार नए-नए फरमान जारी कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कह रही है कि सब्जी मंडी के व्यापारी एक साल की मार्केट फीस एडवांस में जमा करें जो कि सरासर गलत है। व्यापारी को ये तक नहीं पता होता कि कल उसके पास कितना माल आएगा और साल तक का हिसाब वो कैसे लगाएगा।
प्रधान ने कहा कि सब्जी मंडी व्यापारियों से पहले 4 प्रतिशत फीस ली जाती थी। लेकिन कांग्रेस की हुड्डा सरकार ने इस फीस को पूरी तरह माफ कर दिया था। लेकिन भाजपा सरकार ने कोरोना काल में भी फिर से दो प्रतिशत के हिसाब से लागू कर दिया और तब से मंडी आढ़ती फीस भर भी रहे है। लेकिन अब सरकार ने नया फरमान जारी कर सभी आढ़तियों को एक साल की फीस भरने के निर्देश दिये है।
प्रधान ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सरकार को चाहिए कि व्यापारियों के हित में इस फीस को बिल्कुल माफ किया जाए। एडवांस फीस के इस व्यापारी विरोधी निर्णय का सभी आढ़ती विरोध करते है और इसी के विरोध में पूरे प्रदेश के आढ़ती दो दिन तक मंडियां बंद रखेंगे और यदि सरकार ने फिर भी ये निर्णय वापस नहीं लिया तो हड़ताल लंबी भी हो सकती है। इस मौके पर विजय मिगलानी, रवि, जगदीश सैनी, राजीव गोयल, सोनू गोलन, मोंटी वालिया, पंकज मिगलानी व सुभाष चंद सहित कई आढ़ती मौजूद रहे।
चीका सब्जी मंडी के आढ़ती भी नाराज
गुहला/चीका। चीका सब्जी मंडी आढ़तियों ने शुक्रवार को मंडी प्रधान हरेंद्र कालड़ा की अध्यक्षता में बैठक बुलाई। इसमें राज्य कमेटी के निर्देशानुसार फैसला लिया गया कि चीका की सब्जी मंडी में 10 फरवरी से सभी आढ़ती बेमियादी हड़ताल रखेंगे।
मंडी प्रधान हरेंद्र कालड़ा ने बताया कि पूरे प्रदेश की सब्जी मंडियों में 10 फरवरी से हड़ताल रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 20 दिसंबर को चीका सब्जी मंडी सहित प्रदेश की मंडियों में एक दिन की सांकेतिक हड़ताल रखी गई थी, लेकिन सरकार ने मांगों का समाधान नहीं किया गया है। इसलिए एसोसिएशन की प्रदेश कमेटी ने हड़ताल का फैसला लिया है। चीका सब्जी मंडी में करीब 31 आढ़ती हैं और यहां पर हर रोज लाखों रुपये का कारोबार होता है।