फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: लावारिस कुत्तों के टीकाकरण, नसबंदी अभियान की शुरुआत

Wed, 17 Dec 2025 01:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। नगर निकाय ने हायर की गई एजेंसी के माध्यम से जिले में आवारा कुत्तों के टीकाकरण और नसबंदी अभियान की विधिवत शुरुआत कर दी है। अभियान के तहत पहले दिन राजौंद क्षेत्र में 109 आवारा कुत्तों का टीकाकरण व नसबंदी का कार्य पूरा किया जा चुका है। प्रशासन ने आगामी छह महीनों में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सभी आवारा कुत्तों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस संबंध में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुरेश राविश ने लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार जिले में यह अभियान चलाया जा रहा है और जिला प्रशासन द्वारा इसे प्रभावी ढंग से लागू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
विज्ञापन


सीईओ ने बताया कि आमजन की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर भी शुरू किए गए हैं, ताकि लोग अपने क्षेत्र में आवारा कुत्तों से संबंधित सूचना प्रशासन को दे सकें। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश के सभी उच्चाधिकारियों से इस विषय पर रिपोर्ट ली थी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि जिला स्तर पर ज्वाइंट टास्क फोर्स और जिला निगरानी कमेटी का गठन किया गया है, जिसके तहत पूरी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में ईओ संदीप सोलंकी, नगर पालिका सचिव पवन शर्मा, दीपक, नरेश, नरेंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा, जेई अश्वनी नेहरा, कृष्ण कुमार के साथ अन्य उपस्थित रहे।

लावारिस कुत्तों के टीकाकरण व नसबंदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरा कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। चरणबद्ध तरीके से पूरे जिले में यह कार्य पूरा किया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग के चिकित्सकों की टीम भी तैनात की गई है। नोडल अधिकारी के रूप में कैथल के लिए ईओ संदीप सोलंकी, चीका के लिए जेई खुशी राम, कलायत के लिए जेई संजीव धीमान, पूंडरी के लिए जेई प्रदीप कुमार, राजौंद के लिए एसआई प्रदीप कुमार तथा सीवन के लिए सहायक सोनू को नियुक्त किया गया है। - कपिल शर्मा, नगर आयुक्त
नगर परिषदों और नगर पालिकाओं को शेल्टर हाउस बनाकर वहां सीसीटीवी कैमरे व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ स्कूलों, अस्पतालों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखने के लिए भी कहा गया है। -सुरेश राविश, सीईओ
कलायत में अब तक अभियान शुरू नहीं

कलायत। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद सीएम सिटी में सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्ते धड़ल्ले से घूम रहे हैं। कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के मुद्दे पर नगरपालिका कुछ नहीं कर सकी है जबकि आवारा कुत्तों की संख्या और उनकी हिंसक प्रवृत्ति से लोगों में चिंता बढ़ रही है। पिछले माह कलायत सीएचसी में आवारा कुत्तों के काटे जाने के 105 मामले दर्ज किए गए, जबकि गांव बात्ता की पीएचसी में 15 केस आए।
विज्ञापन


नगरपालिका ने सर्वे में 260 आवारा कुत्तों और 40 पालतू कुत्तों की पहचान की है। नगर पालिका सचिव पवन शर्मा ने बताया कि आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए बाधियाकरण और अस्थाई आश्रय गृह बनाने की तैयारी की जा रही है। अभियान की शुरूआत से पहले भी इन कुत्तों पर निगरानी रखी जा रही है। नोडल अधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि अभियान शुरू करने की सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ठेका जारी कर दिया गया है और नसबंदी के बाद कुत्तों की देखभाल के लिए अस्थाई आश्रय गृह तैयार किए जा रहे हैं। आशा है इसी सप्ताह से अभियान का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। संवाद

टोल फ्री नंबर

खंड
संपर्क नंबर

कैथल
9992681500

चीका
7206819039

कलायत
9728102416

पूंडरी
8059204744

राजौंद
8930494703

सीवन
9671591529

नोट ः नागरिक आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायतें अपने क्षेत्र की नगर परिषद/ नगर पालिका के इन नंबरों पर दर्ज करा सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें