संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लगातार बढ़ रही सर्दी और धुंध के बीच खांसी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। निजी और सरकारी अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को 1400 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे, जिनमें से 300 से अधिक मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से ग्रस्त पाए गए।
बदलते मौसम का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों पर पड़ रहा है। सांस और अस्थमा से पीड़ित मरीजों के लिए यह मौसम अतिरिक्त परेशानी लेकर आया है। डॉक्टरों के अनुसार इस मौसम में सांस लेने में तकलीफ, गले में खराश, तेज बुखार, शरीर दर्द और अत्यधिक थकान जैसी शिकायतें अधिक देखने को मिल रही हैं।
नागरिक अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. विनय गुप्ता ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव और सर्दी के बढ़ने से वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय खान-पान और दिनचर्या में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है। यदि खांसी या जुकाम दो दिन से अधिक समय तक बना रहे तो तुरंत नजदीकी चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
डॉ. गुप्ता ने स्पष्ट किया कि केवल घरेलू नुस्खों के भरोसे रहना सुरक्षित नहीं है। विशेषकर बीपी और शुगर के मरीजों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दी के मौसम में गर्म कपड़े पहनें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और पौष्टिक भोजन का सेवन करें। सर्दी में संतुलित और पौष्टिक आहार लेने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। इसी वजह से इन दिनों गर्म तासीर वाले पेय और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ गई है।