कैथल। ठगी और लेन-देन मामले में शुक्रवार को उत्तराखंड की पुलिस कैथल पहुंची। इस दौरान उत्तराखंड की पुलिस ने गांव कुलतारण निवासी आरोपी सोनू व राजकुमार के घर दबिश दी। आरोपियों के फरार होने पर पुलिस ने उनकी संपत्ति को भी कुर्क किया है, लेकिन कितनी संपत्ति कुर्क की है। इसको लेकर पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।
विदित हो कि आरोपी सोनू और राजकुमार ने कई प्रदेशों में लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। इसी संबंध में शिकायत के आधार पर ही उत्तराखंड पुलिस की टीम शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे गांव में पहुंची थी। इसके बाद रात करीब नौ बजे तक रही। गांव के सरपंच देंवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी सोनू और राजकुमार के खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। इस संदर्भ में कैथल एसपी अभिषेक जोरवाल ने कहा कि उत्तराखंड की पुलिस किसी मामले की जांच के लिए गांव कुलतारण में पहुंची थी, जो जांच के बाद लौट गई।
गौरतलब है कि सोनू ढांडा निवासी गांव कुलतारण से पुलिस ने आरोपी के खेत में बने कोठे से अवैध पिस्तौल व उदयपुर (राजस्थान) स्थित आरोपी के ठिकानों से नोट गिनने की मशीन, गोल्ड तोलने के काम आने वाला इलैक्ट्रोनिक कांटा, गोल्ड काटने में प्रयोग किए जाने वाला कटर बरामद किया गया था। सोनू के पास कार आदि सामान पकड़ा गया था।