कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में लाइसेंस के बिना प्लेटलेट्स निकालने की मशीन बेकार पड़ी है। सोमवार को भी डेंगू के दो संक्रमित केस मिले हैं। यह केस फरल और नंदकरण माजरा में मिले हैं। कुल मरीजों की संख्या 34 हो गई है।
गौरतलब है कि जिला नागरिक अस्पताल में प्लेटलेट्स निकालने वाली मशीनें तो हैं, लेकिन इन्हें चलाने के लिए लाइसेंस नहीं मिला है। गत मई महीने में ही दिल्ली से पहुंची टीम ने यहां पर निरीक्षण किया था, लेकिन यह टीम कई कमियां निकालकर गई थी । इस स्थिति यहां पर डेंगू के मरीजों को प्लेटलेट्स की सुविधा नहीं मिल पा रही है।
यदि यहां पर प्लेटलेट्स की सुविधा मिलती है तो डेंगू के मरीजों की परेशानी कम होगी और उन्हें अधिक जेब ढीली भी प्लेटलेट्स लेने के लिए नहीं करनी होगी। डेंगू से बचाव के जिला संयोजक व उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने बताया कि सोमवार को डेंगू के दो संक्रमित केस मिले हैं। अब संख्या 34 हो चुकी है। लोगों को डेंगू से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। वहीं, प्रधान चिकित्सा अधिकारी ललित कुमार ने सोमवार को रक्त केंद्र में रखी गई प्लेटलेट्स निकालने वाली मशीन की जानकारी के लिए निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने रक्त केंद्र के अधिकारियों को इस मशीन का जल्द संचालन की दिशा में कार्य करने के दिशा-निर्देश जारी किए।
इस मौके पर प्रधान चिकित्सा अधिकारी ललित कुमार ने कहा कि रक्त केंद्र में प्लेटलेट्स निकालने वाली मशीनें तो उपलब्ध हैं, लेकिन इसका लाइसेंस अभी तक नहीं मिला है। लाइसेंस लेने के लिए कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही इसका लाइसेंस लेने का प्रयास है।