जिस विद्यार्थी के प्रथम सेमेस्टर में री-अपीयर है, वह अंतिम वर्ष में दाखिला नहीं ले पाएगा। इसके लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने निर्देश जारी कर दिए हैं। इन निर्देशों से उन विद्यार्थियों में हड़कंप मच गया है। जिनकी प्रथम सेमेस्टर में री-अपीयर है। वे उसे अभी तक पास नहीं कर पाए हैं।
1000 से अधिक विद्यार्थियों को होगी परेशानी:
प्रथम वर्ष में पढ़ाई में कमजोर या फिर पढ़ाई न करने वाले विद्यार्थियों के लिए ये निर्देश परेशानी भरे हो सकते हैं। जिले भर में करीब 1000 से अधिक ऐसे विद्यार्थी हैं, जिनकी प्रथम सेमेस्टर में आई री-अपीयर अभी तक पास नहीं हुई है। आरकेएसडी, इंदिरा गांधी महिला कॉलेज, डा. भीमराव अंबेडकर कॉलेज, जाट कॉलेज में ऐसे अनेकों विद्यार्थी हैं, जिन्होंने प्रथम सेमेस्टर अभी तक पास नहीं किया और वह अंतिम वर्ष में पहुंच गए है।
कॉलेजों में प्रॉस्पेक्टस देने किए बंद
प्रथम सेमेस्टर परीक्षा परिणाम न आने के कारण फाइनल ईयर के विद्यार्थियों को प्रॉस्पेक्टस देने बंद कर दिए हैं। प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम आने के बाद ही विद्यार्थियों अंतिम वर्ष में प्रवेश मिलेगा। जिन विद्यार्थियों ने प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा पास नहीं की हैं, उन विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
आरकेएसडी कॉलेज के प्रिंसिपल ओपी गर्ग ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों ने प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा पास नहीं की है। उन विद्यार्थियों का अंतिम वर्ष में दाखिला नहीं लिया जा सकता। उन्होंने बताया कि काफी विद्यार्थी पढ़ाई में रुचि नहीं लेते है और ना ही वे खराब परीक्षा परिणाम से डरते हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय ने यह कदम उठाया है। ताकि बच्चे अपनी पढ़ाई गंभीरता से करें। प्रथम वर्ष पास करने के बाद ही अंतिम वर्ष में दाखिला लें।