आरकेएसडीकॉलेज में दाखिला प्रक्रिया में हिस्सा लेते विद्यार्थी। संवाद
कैथल। पहले स्नातक में दाखिलों के लिए बार-बार शेड्यूल जारी करने और अब स्नातकोत्तर यानी पीजी में दाखिलों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग उलझन में है। विभाग ने स्नातकोत्तर दाखिलों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है लेकिन स्नातक फाइनल वर्ष के परिणाम किसी भी विश्वविद्यालय ने अब तक घोषित नहीं किए हैं।
ऐसे में विद्यार्थी असमंजस में हैं। पीजी में आवेदन करने में सिर्फ दो दिन शेष हैं। जो विद्यार्थी आवेदन करवा रहे हैं, उनमें से भी ज्यादातर वे हैं जो किन्हीं वजह से पिछले वर्ष दाखिले नहीं ले पाए थे या किन्हीं कारणों से गैप रखा था। पीजी में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अधिकांश विद्यार्थी स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र हैं। परिणाम घोषित नहीं होने के कारण वे आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
अब तक इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में 195 सीटों पर 26 विद्यार्थी पंजीकरण कर चुके हैं। ऐसे ही राजकीय कॉलेज, कैथल में 190 सीटों पर 22 छात्रों ने पंजीकरण किया है। आरकेएसडी कॉलेज, कैथल में 544 सीटों पर 36 ने पंजीकरण किया है।
अंतिम वर्ष के परिणाम घोषित होने का इंतजार कर रहे विद्यार्थी अमित कुमार, अनुज, राहुल शर्मा और प्रियंका का कहना है कि जब तक बीए, बीकॉम और बीएससी सहित अन्य संकायों के परिणाम जारी नहीं होंगे, तब तक वे अपने अंक और आवश्यक दस्तावेज अपलोड नहीं कर सकेंगे। ऐसे में 26 जुलाई तक पंजीकरण पूरा करना मुश्किल है।
आरकेएसडीकॉलेज में दाखिला प्रक्रिया में हिस्सा लेते विद्यार्थी। संवाद