संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। शहीद उधम सिंह के 86वें शहीदी दिवस पर गांव माजरी में रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में गुहला के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने शिरकत की और रक्तदाताओं को बैज लगाकर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
यह शिविर ग्रामीणों व सामाजिक संस्था नेकी का घर के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में रक्तदान के साथ-साथ आंखों, दांतों व खून की जांच की गई और जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कुलवंत बाजीगर ने कहा कि उन्होंने जिस वीरता से जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लिया, वह युवाओं के लिए राष्ट्र सेवा और बलिदान की प्रेरणा है। हमें उनके आदर्शों पर चलकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। शिविर के आयोजन में गुहला ब्लॉक समिति चेयरमैन प्रतिनिधि जगतार माजरी और गांव के पूर्व सरपंच सतबीर सिंह की अहम भूमिका रही। इस मौके पर पैक्स के पूर्व चेयरमैन हरजोत वड़ैच, निर्भय औलख, पूर्व सरपंच बंसीलाल, रघुबीर सिंह, गगन कंबोज, पाला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।