संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खरौदी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने रात के समय युवक का रास्ता रोककर उसे घेर लिया और सिर व टांगों पर डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घायल की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुहला थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव खरौदी निवासी बिंद्र सिंह ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करता है। दिवाली के दिन गांव के लाडी, जगतार और गगनदीप के साथ झगड़ा हुआ था। बाद में उसने और उसके परिवार के सदस्यों ने आरोपियों के घर जाकर माफी भी मांग ली थी, लेकिन इसके बावजूद तीनों उसके प्रति रंजिश रखने लगे।
बिंद्र सिंह ने बताया कि वह कुछ समय तक अपने मामा अजमेर के पास पंजाब के गांव बग्गा बसारा में रह रहा था और करीब 25 दिन पहले ही गांव लौटा था। सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे खाना खाने के बाद वह भूना रोड पर टहलने गया था। लौटते समय रास्ते में लाडी, जगतार और गगनदीप मोटरसाइकिल पर आए और उसका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार, लाडी ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि जगतार ने उसकी टांगों पर डंडों से हमला किया। इसके बाद लाडी ने उसके सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिरकर बेसुध हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों से छुड़वाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। गुहला थाना के जांच अधिकारी मंगल सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
रास्ते में घेरकर चार ने युवक को पीटा तालाब के पास फेंकने का भी आरोप
कैथल। राजौंद थाना क्षेत्र के गांव तारागढ़ में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चार युवकों ने जानलेवा हमला किया। उन्होंने रास्ते में घेरकर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव तारागढ़ निवासी राममेहर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा अमित 55 हजार रुपये लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही नवनीत, अनिकेत, सावन और दिवांश ने उसे रोक लिया। आरोप है कि चारों ने कस्सी के बिंडे, लाठी, गंडासी और पंच से अमित पर हमला कर दिया। हमले में अमित को गंभीर चोटें आईं। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी युवक को पीटने के बाद तालाब के पास फेंककर भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अमित को अस्पताल पहुंचाया गया। राममेहर ने शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले अमित की आरोपियों के साथ कहासुनी हुई थी। जांच अधिकारी एसआई संजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। संवाद