संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश में युवकों को बंधक बनाकर पैसे मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी एजेंट प्रताप नगर पटियाला पंजाब निवासी महेश इंद्र मान को गिरफ्तार कर लिया। इंडोनेशिया में बंधक बनाए युवकों को सकुशल रेस्क्यू करवाकर दिल्ली में परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राजौंद थाना के तहत आने वाले एक गांव निवासी व्यक्ति की शिकायत अनुसार वह अपने बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजना चाहता था। साथ ही गांव का एक अन्य युवक भी विदेश जाना चाहता था, जिसके लिए उसने संडील निवासी संदीप से बातचीत की। संदीप व उसके अन्य साथी रमन, महेश और सोनू ने दोनों युवकों को विदेश भेजने के लिए 24-24 लाख रुपये मांगे। हालांकि युवकों के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद रुपये देने की बात तय हुई थी।
पांच सितंबर को दोनों युवकों को मुंबई भेज दिया व छह सितंबर को मुंबई से इंडोनेशिया भेज दिया। युवकों को वहां पहुंचाने के बाद आरोपी उनसे रुपये मांगने लगे और युवकों से बातचीत भी नहीं करवाई। शिकायतकर्ता अनुसार आरोपियों ने दोनों युवकों को बंधक बनाकर रखा हुआ है और उन्हें छोडऩे के नाम पर पैसे मांग रहे है। वे आठ लाख रुपये दे चुके हैं। युवकों को न तो ऑस्ट्रेलिया भेजा और न ही उन्हें वापस लाए। उल्टा दोनों के परिवारों को युवकों की मौत का भय दिखाकर ब्लैकमेल कर रहे थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में इंडोनेशिया से उक्त युवकों को रेस्क्यू करवाया गया व दिल्ली एयरपोर्ट पर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जांच के दौरान आरोपी एजेंट प्रताप नगर पटियाला पंजाब निवासी महेश इंद्र मान को पटियाला से काबू कर लिया गया। उक्त युवकों को आरोपी महेश ने ही विदेश भेजा था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।