कैथल। पुलिस ने टेलीग्राम पर पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर 12 लाख 75 हजार रुपये की ठगी करने वाले मामले में आरोपी मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी अमित गोयल और ओल्ड शिवपुरी निवासी बंटी खुशवा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि सुभाष नगर निवासी प्रीति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके एचडीएफसी बैंक खाते में 17 अक्तूबर 2025 को एक प्लॉट की बिक्री के 12 लाख 75 हजार रुपये जमा हुए थे। वह टेलीग्राम ऐप का उपयोग करती थी और विभिन्न पार्ट टाइम नौकरी से जुड़े ग्रुपों से जुड़ी हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 नवंबर 2025 को जब उसने अपने बैंक खाते की जांच की तो उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12 लाख 75 हजार रुपये ट्रांसफर किए जा चुके थे। उसने किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं की थी। वहीं, संबंधित मोबाइल नंबर वाला उसका मोबाइल फोन 25 नवंबर 2025 को घर से गुम हो गया था।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खाते उपलब्ध करवाए थे। पुलिस ने आरोपी अमित गोयल के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
एसपी मनप्रीत ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया और टेलीग्राम पर मिलने वाले पार्ट टाइम नौकरी के लालच में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। संवाद