कैथल। जिले में वीरवार को डेंगू के दो और नए मामले सामने आए हैं। इस वर्ष डेंगू के संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। नए मामले शहर के सर्राफा बाजार और खुराना रोड क्षेत्र से सामने आए हैं। दोनों मरीजों को जिला नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. नीरज मंगला ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है और उनका उपचार किया जा रहा है। इससे पहले करीब एक सप्ताह पूर्व गांव सिसमोर में एक गर्भवती महिला डेंगू संक्रमित मिली थी। वहीं वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू के नौ संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट देर रात तक आने की संभावना है। विभाग लगातार संदिग्ध मरीजों की जांच और निगरानी कर रहा है। जिले में अब तक डेंगू के 688 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जा चुके हैं।
27 घरों में मिला डेंगू के मच्छर का लारवा
मौसम डेंगू के मच्छरों के लिए अनुकूल होने के कारण घरों में लारवा मिलने का सिलसिला जारी है। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जांच के दौरान 27 घरों में डेंगू के मच्छर का लारवा पाया गया। सभी संबंधित घरों को नोटिस जारी किए गए हैं। जिले में अब तक 2409 घरों में लारवा मिल चुका है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घरों में जाकर लारवा की जांच कर रही हैं और लोगों को जागरूक भी कर रही हैं।
पिछले वर्षों में डेंगू के मामले
वर्ष 2021 में जिले में डेंगू के 1212 मामले सामने आए थे। इसके बाद 2022 में 116, 2023 में 118, 2024 में 77 और 2025 में 92 मामले मिले थे। इस वर्ष अब तक तीन मामले सामने आए हैं।
दोनों नए मरीजों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से अपील है कि वे घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और डेंगू से बचाव के लिए सावधानी बरतें। डेंगू मच्छर जनित बीमारी है और सावधानी बरतकर इसके फैलाव को रोका जा सकता है।
- डॉ. नीरज मंगला, नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, कैथल।
डेंगू के लारवा की जांच करते हुए स्वास्थ्यकर्मी। स्वास्थ्य विभाग