गुहला-चीका। एसडीएम मनीष कुमार यादव ने बताया कि मानसून के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की है। इसका उद्देश्य सर्पदंश के मरीजों को बिना किसी देरी के आवश्यक उपचार उपलब्ध करवाना है।
सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रीति सिंगला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि एंटी स्नेक वेनम का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रखा जाए और दवा के निर्धारित मानकों के अनुसार उचित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ को सर्पदंश के मामलों में तत्काल उपचार प्रदान करने और आवश्यकता पड़ने पर मरीज को उच्च स्वास्थ्य केंद्र में रेफर करने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएचसी एवं सीएचसी स्तर पर एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता से सर्पदंश के मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। इससे उपचार में होने वाली देरी को कम करने के साथ-साथ गंभीर जटिलताओं और मृत्यु की संभावना को भी कम करने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि सर्पदंश होने पर घबराएं नहीं और मरीज को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर जाएं।