कैथल। लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामले ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार को डेंगू के दो नए मामले सामने आए हैं। अब डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। गौरतलब है कि नगर परिषद इस बार केवल वहां पर ही फॉगिंग करवाई जा रही है, जहां पर डेंगू के केस मिलते हैं। जबकि अन्य स्थानों पर फॉगिंग नहीं करवाई है। गत वर्ष भी डेंगू के कुल 1212 केस मिले थे। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस बार डेंगू के मामलों पर रोक लगाने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का नतीजा है कि इस बार काफी कम डेंगू के केस मिले हैं।
जिला नागरिक अस्पताल प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेनू चावला ने कहा कि इस समय अस्पताल में डेंगू का केवल एक ही मरीज है। जबकि जिले में अब तक कुल 40 केस मिल चुके हैं। जहां पर भी डेंगू का केस मिलता है, उस क्षेत्र में फॉगिंग करवाई जाती है। वहीं, डेंगू के संक्रमित केस के संपर्क में आए लोगों के रक्त के सैंपल लिए जाते हैं।