संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। वर्ष 2024 में चीका क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई हत्या के मामले में एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) की टीम ने दो और आरोपियों मोनी खान और लालू खान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, चीका के एक गांव निवासी विजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह वर्तमान में पूंडरी क्षेत्र के एक गांव में रहता है। उसके बड़े भाई अजय ने मार्च 2022 में अपने पुराने गांव की एक विवाहिता के साथ गांव छोड़ दिया था। इसके बाद से ही विवाहिता के परिजन विजय के परिवार को जान से मारने और बदला लेने की धमकियां देते आ रहे थे।
जमानत के दिन पिता पर हमला ः धमकियों के डर से विजय का पिता रणधीर अपने परिवार सहित मामा के गांव में रहने लगा था। विजय स्वयं एक पुराने झगड़े के मामले में 16 मार्च 2024 से कैथल जेल में बंद था।
30 मार्च 2024 को रणधीर रिश्तेदारों के साथ गुहला अदालत में विजय की जमानत करवाने गया था। जमानत मंजूर होने के बाद परिजन उसे लेने कैथल जेल के बाहर पहुंचे। शाम साढ़े सात बजे विजय जेल से बाहर आया तो उसके मामा ने बताया कि वापसी के रास्ते में रणधीर पर हमला कर दिया गया है।
रणधीर और अन्य घायल परिजन एंबुलेंस से कैथल अस्पताल लाए जा रहे थे। विजय अपने मामा के साथ करनाल बाईपास चौक पहुंचा, जहां एंबुलेंस भी पहुंच गई। एंबुलेंस में रणधीर ने बताया कि करीब साढ़े चार बजे, जब वे माता बनभौरी मंदिर, चीका के पास से गुजर रहे थे, तो एक लाल रंग की ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनका रास्ता रोका। ट्रैक्टर चालक जसपाल उसी व्यक्ति का भाई था, जिसकी पत्नी अजय के साथ चली गई थी।
इसी दौरान एक सफेद कार आकर उनकी गाड़ी से टकरा गई, जिससे निर्मल, संजू, विजय उर्फ बकरा, राजेंद्र उर्फ सेंटी और चार-पांच अन्य युवक डंडे, गंडासी व हथौड़े लेकर बाहर निकले और रणधीर की कार पर हमला कर दिया। उन्होंने कार के शीशे तोड़कर रणधीर और उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों को घायल कर दिया।
इस बीच राहगीरों ने एंबुलेंस बुलवाई और घायलों को गुहला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें कैथल रेफर कर दिया गया। कैथल अस्पताल में चोटों के चलते रणधीर की मृत्यु हो गई थी।
अब तक पांच आरोपियों को पकड़ा
इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मोनी खान और लालू खान की गिरफ्तारी के साथ कुल पांच आरोपी काबू किए जा चुके हैं। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।