संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस ने अलग-अलग चार मामलों में गुमशुदा दो महिलाओं, एक युवक और एक बच्चे को ढूंढकर सकुशल उनके परिजनों के हवाले किया है। खोए जब मिले तो सभी के चेहरे खिल गए।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि अप्रैल में चलाए जा रहे विशेष अभियान का उद्देश्य गुमशुदा को ढूंढकर उनकी सुरक्षित घर वापसी कराना है।
पहले मामले में थाना राजौंद क्षेत्र के एक व्यक्ति की शिकायत पर 16 जुलाई 2025 को उसकी बेटी के लापता होने का प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने युवती को थाना तितरम क्षेत्र से बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि वह अपने दोस्त के साथ गई थी और उससे विवाह कर साथ रह रही थी।
दूसरे मामले में थाना शहर क्षेत्र से छह अप्रैल को लापता हुई 19 वर्षीय युवती को ‘ऑपरेशन स्माइल’ टीम ने जिला करनाल के एक गांव से बरामद किया। वह भी अपने दोस्त के साथ रह रही थी। तीसरे मामले में थाना ढांड पुलिस ने करीब 6 वर्षीय बच्चे को मात्र एक घंटे के भीतर ढूंढ निकाला। बच्चा बिना बताए घर से निकल गया था। पुलिस ने उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया। गांव पाडला निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को चीका रोड, कैथल से ढूंढा। युवक मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस ने उसे भी सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।