कैथल। पुलिस ने बाइक चोर दो गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए नौ आरोपियों को काबू किया है। उनके कब्जे से चोरी की 19 बाइकें बरामद की गईं हैं। आरोपियों ने अधिकतर बाइक कैथल, जींद और कुरुक्षेत्र से चोरी की थी। इस संबंध में एसपी उपासना ने कार्यालय में प्रेस वार्ता की।
उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर को सायंकालीन गश्त के दौरान थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर बीर सिंह की टीम सिरटा रोड कैथल पर मौजूद थी। तभी वहां पर दो युवक एक बाइक पर सवार होकर महादेव कॉलोनी की तरफ से आ रहे थे। वे पुलिस पार्टी को देखकर वापस भागने लगे। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों को काबू कर पूछताछ की। युवकों की पहचान बढ़सिकरी निवासी सुशील और कमालपर निवासी यश के रूप में हुई। इस दौरान दोनों युवक सवालों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस की जांच के दौरान पकड़ी गई बाइक करनाल रोड कैथल से चोरी होनी पाई गई। बाइक फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी रोहित की थी, जो 26 नवंबर को कुरुक्षेत्र रोड के पास से अज्ञात चोर ले गए थे। व्यापक पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस दौरान पूछताछ के बाद चोरी की बाइक खरीदने वाले शिमला निवासी आर्यन, राहुल व नवदीप, बढ़सिकरी खुर्द निवासी प्रदीप और कलायत निवासी सतपाल को भी गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 1-1 बाइक बरामद हुई। व्यापक पूछताछ के बाद आरोपी सुशील और यश के घर से 10 अन्य चोरीशुदा बाइक बरामद की गई। बरामद की गई 16 बाइकों में तीन थाना शहर क्षेत्र, चार थाना सिविल लाइन क्षेत्र से, तीन जिला कुरुक्षेत्र से, पांच जिला जींद से और एक गुरुग्राम से चोरी होनी पाई गई है।
एसपी ने बताया कि एक अन्य मामले में थाना शहर पुलिस की टीम ने 15 दिसंबर को खुराना रोड बाइपास कैथल के पास नाका लगाकर आरोपी खुराना रोड कैथल निवासी कर्ण व अनुज को काबू किया था। उनके कब्जे से तीन चोरीशुदा बाइक बरामद हुई, जो जिला कुरुक्षेत्र से चोरी होनी पाई गई।