कैथल। सीआईए-1 पुलिस ने ट्रक चालक व उसके साथी नशा तस्कर को काबू कर चार किलो 120 ग्राम अफीम बरामद की है। नशा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों की पहचान गांव नरेंद्रपुरा जिला मानसा पंजाब निवासी अमरजीत उर्फ कालू व सुनाम जिला संगरूर पंजाब निवासी बब्बू सिंह के रूप में हुई है।
सीआईए-1 पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अमरजीत उर्फ कालू व बब्बू सिंह ट्रक में अफीम तस्करी करते हैं। वे पानीपत असंध से पिहोवा-पटियाला के रास्ते होते हुए पंजाब के गोबिंदगढ़ जाने वाले हैं। पुलिस ने ट्रक को रुकवाकर ट्रक चालक अमरजीत व बब्बू को काबू कर लिया। तलाशी में बब्बू के कब्जे में पॉलिथीन से 80 ग्राम अफीम बरामद हुई। ट्रक के केबिन में कंडक्टर साइड खिड़की के पास लगे फट्टे को हटाकर चेक किया तो एक चार किलो 40 ग्राम अफीम बरामद हुई। दोनों आरोपियों का पूछताछ के लिए छह दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है। संवाद