संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रोहेड़ा निवासी व्यक्ति की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी रोहेड़ा निवासी अभिषेक व शेरगढ़ निवासी अंकित उर्फ साहिल को दो दिन रिमांड के बाद जेल भेज दिया।
डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि गांव रोहेड़ा निवासी महिपाल की शिकायत अनुसार वह दूध की डेयरी का काम करता है और कैथल में रहता है। उसके बड़े भाई राजेंद्र के बच्चे शेरगढ़ गांव में किराये के मकान में रहते हैं।
राजेंद्र रोहेड़ा गांव स्थित अपने मकान में अकेला रहता था। 18 मई को वह अपने घर कैथल आया हुआ था। उसे शाम करीब चार बजे सूचना मिली कि राजेंद्र की हत्या हो गई है। इसके बाद वह अपने भतीजे और राजेंद्र के बेटे अभिषेक को साथ लेकर गांव गया। यहां पर मकान के अंदर राजेंद्र का शव खुले आंगन में औंधे मुंह पड़ा था।
डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि राजेंद्र की कमर, गर्दन पर व सिर पर तेजधार हथियार के 10-12 के गहरे निशान थे और उसके शरीर से काफी खून निकला हुआ था। पुलिस ने ब्लाइंड
मर्डर गुत्थी को सुलझाने में सफलता हासिल की।
डीएसपी ने बताया आरोपी अभिषेक मृतक राजेंद्र का बेटा है। राजेंद्र अकसर अभिषेक की मां व बहन को भला बुरा कहता था व मारपीट करता था, जिससे अभिषेक उसके साथ रंजिश रखने लगा था।
राजेंद्र ने ठेके की जमीन के पैसे भी अभिषेक को देने से मना कर दिया था, जिन बातों की वजह से वह अपने पिता से रंजिश रखने लगा था। इस रंजिशन उसने अपने दोस्त अंकित के साथ मिलकर 18 मई को रोहेड़ा स्थित उनके मकान पर गंडासी से वार करके अपने पिता की हत्या कर दी। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त गंडासी व बाइक बरामद कर ली है। दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए हैं।