संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने सोमवार देर रात आपसी रंजिश में गोली चलाने के प्रयास में घूम रहे दो आरोपियों को वारदात से पहले ही दबोच लिया। आरोपी मंदीप और तिलक राज के कब्जे से तीन देसी असलहे और सात कारतूस बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि मंदीप की अपने गांव में सचिन और अमित के साथ आपसी रंजिश चल रही थी। आरोपियों को सूचना थी कि सचिन और अन्य कैथल क्षेत्र में मौजूद हैं। दोनों आरोपी उनके ऊपर फायरिंग करने के लिए कैथल पहुंचे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और पूर्व रिकॉर्ड : पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान राहड़ा, करनाल निवासी मंदीप (28 वर्ष) और पंघाला, करनाल निवासी तिलक राज उर्फ तिलका (20 वर्ष) के रूप में हुई है। एसपी उपासना यादव ने बताया कि मंदीप के खिलाफ करनाल, जींद और हिसार में आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, स्नैचिंग, लूट, डकैती, लड़ाई-झगड़ा और शराब तस्करी समेत करीब 18 मामले दर्ज हैं। तिलक राज के खिलाफ हत्या का प्रयास, लड़ाई-झगड़ा और किडनैपिंग से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं।
कैसे हुआ पर्दाफाश
एसडीयू टीम को सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर प्लेट की काली नई स्प्लेंडर बाइक पर तितरम बस अड्डा के पास खड़े हैं। उनके पास तीन से चार देसी असलहे और भारी मात्रा में कारतूस हैं और दोनों युवक आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिजली बोर्ड तितरम की ओर जाने वाली एनएच 152 सड़क पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद बाइक पर सवार दोनों युवकों को काबू कर लिया गया। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन 315 बोर असलहे और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।