16-कैथल। पुलिस द्वारा बरामद की गई चोरी की 14 मोटरसाकिलें।
- फोटो : Kaithal
कैथल। थाना गुहला की पुलिस टीम ने चोरी की 13 बाइकों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मास्टर चाबी का प्रयोग करके वे मोटरसाइकिल चोरी किया करते थे। पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
बुधवार दोपहर डीएसपी एईसी विवेक चौधरी ने पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाना गुहला की टीम ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपियों खरौदी निवासी मोहन और अजय को दबोचा। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 13 मोटरसाइकिलें पुलिस ने बरामद कीं। अब रिमांड पर दो दिन पुलिस उनसे और पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि गुहला निवासी अमृत ने पुलिस से शिकायत की थी कि 12 मई की दोपहर उसकी दुकान के पास से उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। उसने मोहन और अजय पर चोरी का शक जाहिर किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। नामजद दोनों आरोपियों को काबू कर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों टूट गए और इस वारदात के साथ अन्य 12 मोटरसाइकिलों की चोरी स्वीकार कर ली। यह जानकर पुलिस भी एक बार सकते में आ गई। बाद में पुलिस ने इन सभी मोटरसाइकिलों को बरामद कर लिया।
डीएसपी ने बताया कि आरोपियों ने एक मोटरसाइकिल खरौदी में खड़ी की हुई थी। अन्य 12 मोटरसाइकिल खरौदी से भूना सड़क पर राजबाह के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी मिलीं। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों ने गुहला चीका क्षेत्र के अलावा कैथल शहर में भी मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को भी स्वीकार किया है। इनकी जांच के लिए पूछताछ की जाएगी। इसके लिए आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।