सीवन। वार्ड नंबर-12 और इसके आसपास के क्षेत्रों के लोगों को जल्द ही पानी की समस्या से निजात मिल जाएगी। लंबे समय से ट्यूबवेल संख्या 7 खराब है। इस कारण स्थानीय लोगों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए गोशाला सेवा समिति ने अपनी जमीन पर नया ट्यूबवेल लगाने की अनुमति दे दी है। जल्द ही स्थानीय लोगों की पानी की समस्या दूर हो जाएगी।
इस काम का शुभारंभ 27 सितंबर को किया गया था। शुक्रवार को वार्ड पार्षद मनीष कामरा, संजय कंसल और विकास शर्मा ने साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली और प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
पार्षदों ने बताया कि इस ट्यूबवेल का कार्य पूर्ण होने के बाद वार्ड नंबर-12 सहित आसपास के कई क्षेत्रों में पानी की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। यह पहल जनता की भलाई के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे स्थानीय लोगों को स्वच्छ और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने गोशाला सेवा समिति के सहयोग की सराहना की। कहा कि उनके समर्थन और जमीन उपलब्ध करवाने के कारण यह परियोजना संभव हो सकी है।