फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: विदेश भेजने के नाम पर ठगी से परेशान युवक ने नहर में लगाई छलांग

Wed, 13 May 2026 12:44 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
12 ढांड 01 लापता पुनीत की फाइल फोटो।
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


ढांड (कैथल)/कुरक्षेत्र। मेरे पैसे लौटा दो... कहते हुए वीडियो बनाकर गांव कौल निवासी पुनीत कुमार ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र में नहर में छलांग लगा दी। उसने विदेश भेजने के नाम पर कथित ठगी से परेशान होकर यह आत्मघाती कदम उठाया।

घर वालों के अनुसार, वह तैराक भी है। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और युवक की तलाश शुरू कर दी। पुनीत सोमवार रात से घर से लापता बताया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुनीत कार लेकर नहर पुल पर पहुंचा था।
विज्ञापन


उसने कार को पुल किनारे खड़ा किया और अचानक नहर में छलांग लगा दी। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए। पुलिस ने युवक की कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

नहर में कूदने से पहले पुनीत ने कार में बैठकर एक वीडियो भी बनाया। वीडियो में उसने दो लोगों पर विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं। युवक ने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात दोमड़ा गांव निवासी बिट्टू से हुई थी, जिसने उसे अपने मासी के बेटे बलजीत से मिलवाया।

आरोप है कि बलजीत ने उसे न्यूजीलैंड भेजने का भरोसा दिलाकर प्रक्रिया के नाम पर करीब साढ़े सात लाख रुपये ले लिए। वीडियो में पुनीत ने कहा कि बाद में आरोपियों ने उसे जर्मनी भेजने का आश्वासन दिया और कई बार दिल्ली तक बुलाया गया, लेकिन कोई काम नहीं हुआ। इसी दौरान उसे पता चला कि एजेंट का काम करने वाला बलजीत स्वयं विदेश चला गया है। इसके बाद बिट्टू ने उसे अपने खर्च पर विदेश भेजने का भरोसा देते हुए शिकायत वापस लेने को कहा।

रिश्तेदारों से भी नहीं मिली मदद : पुनीत ने वीजा के लिए अपने रिश्तेदारों से भी मदद मांगी, लेकिन कहीं से कोई सहायता नहीं मिली।

पैसे फंसने से लंबे समय से तनाव में था पुनीत

पुनीत विदेश जाने के लिए रिश्तेदारों से भी आर्थिक मदद ले चुका था। बाद में उसने स्पेन की फाइल भी लगवाई, लेकिन न तो उसका वीजा लगा और न ही रकम वापस मिली। परिजनों का कहना है कि एजेंटों के रुपये नहीं लौटाने से वह लंबे समय से तनाव में चल रहा था। वीडियो में पुनीत ने कहा कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार बिट्टू और बलजीत होंगे। उसने यह भी कहा कि साढ़े सात लाख रुपये फंसने से उसका जीवन पूरी तरह बर्बाद हो गया है।
पत्नी ने रोकने का प्रयास किया, रात से था लापता

पुनीत के रिश्तेदार सतीश ने बताया कि वह गांव में सीएससी सेंटर चलाता था। सोमवार रात वह बिना किसी को बताए कार लेकर घर से निकल गया था। उसकी पत्नी ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं रुका। बाद में परिवार को सूचना मिली कि उसकी कार कुरुक्षेत्र में नहर के पास खड़ी मिली है। परिजनों ने बताया कि एजेंटों के खिलाफ ढांड थाना पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी है। ढांड थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ढांड थाने में प्राथमिकी दर्ज : चौकी प्रभारी

ज्योतिसर पुलिस चौकी प्रभारी का कहना है कि मामले में कैथल के ढांड थाने में प्राथमिकी दर्ज है। ढांड थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में सर्च अभियान चलाया है। मंगलवार देर रात तक नहर में युवक का कुछ पता नहीं लग पाया। यहां भी पुलिस पुनीत की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन

पुनीत तैराक था डूब नहीं सकता : सतीश

पुनीत के मामा के बेटे सतीश ने बताया कि वह गांव में सीएससी सेंटर चलाता है। उन्होंने बताया कि वह अच्छा तैराक है। उन्हें उम्मीद है कि वह नहर में नहीं डूब सकता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें