संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने पंजाब के समाना निवासी आरोपी जोगिंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच आर्थिक प्रकोष्ठ की टीम कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि गांव डयोढखेड़ी निवासी शीशपाल और जोगिंद्र ने शिकायत दी थी कि वे भूमि खरीदना चाहते थे। इसी दौरान डीलर का काम करने वाले खेड़ी निगरा (पटियाला) निवासी कर्मजीत, समाना निवासी जोगिंद्र सिंह और अंग्रेज सिंह उनसे मिले और विभिन्न गांवों में जमीन दिखाई।
आरोपियों ने उन्हें गांव शादीपुर, तहसील गुहला में 50 कनाल 15 मरले भूमि दिखाई, जो उन्हें पसंद आ गई। आरोपियों ने गांव पलौंदिया जिला पटियाला निवासी अमरजीत सिंह और कमलजीत सिंह को जमीन का मालिक बताकर उनसे मुलाकात करवाई।
37 लाख 75 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से जमीन का सौदा तय हुआ। 12 मार्च को शिकायतकर्ताओं से 60 लाख रुपये बयाने के तौर पर लेकर इकरारनामा करवाया गया।
इसके बाद 21 अप्रैल को 20 लाख रुपये और ले लिए गए तथा रजिस्ट्री की तारीख 22 मई तय की गई।
तहसील नहीं पहुंचे आरोपी, खुला ठगी का राज : 22 मई को जब शिकायतकर्ता रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसील गुहला पहुंचे तो आरोपी वहां नहीं आए। इसके बाद जब उन्होंने गांव शादीपुर जाकर जानकारी जुटाई तो पता चला कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की है। जिन व्यक्तियों को अमरजीत और कमलजीत बताकर मिलवाया गया था, वे वास्तव में वही व्यक्ति नहीं थे।
इसके बाद थाना गुहला में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया। मामले की जांच आर्थिक प्रकोष्ठ प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में एसआई कुलबीर सिंह, पीएसआई अमन और एएसआई रामपाल सिंह की टीम को सौंपी गई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी जोगिंद्र सिंह ने डीलर कर्मजीत, सिमरनजीत और अन्य लोगों के साथ मिलकर साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि मामले में गहन पूछताछ की जा सके।