संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। नगर में ओवरलोड वाहनों से लोग परेशान हैं। जब ये वाहन सड़क मार्ग से गुजरते है तो सामने से आने वाला कोई भी वाहन सड़क से नहीं गुजर सकता, जिससे दुर्घटना होने का भय बना रहता है। इस बारे नगर के लोगों ने कई बार पुलिस प्रशासन को भी अवगत करवाया लेकिन पुलिस प्रशासन ने भी इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की। इससे ओवर लोडिंगवाहन चालकों के हौसले बुलंद होते चले गए।
लोगों का कहना है कि ये ओवरलोड वाहन चालक वाहनों को सड़क से लेकर गुजरते हैं कई बार तो इन वाहनों की वजह से सड़क मार्ग पर जाम लग जाता है, लेकिन उसके बावजूद पुलिस इन पर कोई कार्रवाई नहीं करती। नगरवासी कर्मबीर, धर्मपाल, अशोक, पिंद्र, भूषण ने बताया कि जब तूड़ी से भरे ट्रैक्टर ट्राली लेकर गुजरते हैं तो कई बार वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग जाती हैं। ऐसे में वाहन चालकों के लिए वाहन रोकने के अलावा कोई विकल्प नही होता। जबकि ये ओवरलोड वाहन चालक प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए वाहन लेकर सड़क से सरेआम गुजरते हैं।