कैथल। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आरकेएसडी महाविद्यालय, कैथल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की ओर से 20 एनसीसी कैडेटों को राष्ट्रध्वज तिरंगा वितरित किया गया।
प्राचार्य डॉ. राजबीर पाराशर एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. रघुबीर लांबा ने संयुक्त रूप से कैडेट्स को तिरंगे प्रदान किए और इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। डॉ. पाराशर ने कहा कि यह अभियान केवल प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है, बल्कि यह देशवासियों में राष्ट्रीय गर्व और एकता की भावना को सशक्त करने का माध्यम है।
लेफ्टिनेंट डॉ. लांबा ने युवाओं से आग्रह किया कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और समाज में देशभक्ति की भावना को जागृत करें। कार्यक्रम में मौजूद सभी कैडेटों ने तिरंगा सम्मानपूर्वक ग्रहण करते हुए इसे अपने-अपने घरों पर फहराने का संकल्प लिया।