कैथल। जिले में चोरों ने तीन गांवों में खेतों में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाया। हजवाना और मोहना में चोर ट्रांसफार्मरों से कॉपर कॉइल, तेल और अन्य सामान निकाल ले गए, जबकि देवबन में पूरा ट्रांसफार्मर ही चोरी कर लिया। तीनों घटनाओं में बिजली निगम को करीब 1.93 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। संबंधित थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूंडरी थाना क्षेत्र के गांव हजवाना में 17-18 अक्तूबर की रात चोरों ने भाली राम के खेत में लगे 20 केवीए के ट्रांसफार्मर को खोलकर उसकी एचटी-एलटी कॉइल, तेल और अन्य सामान चोरी कर लिया। बिजली निगम ने चोरी हुए सामान की कीमत 66 हजार रुपये आंकी है। इसी तरह मोहना गांव में 5-6 नवंबर की रात सुमित कुमार के खेत में लगे 20 केवीए के ट्रांसफार्मर से कॉपर कॉइल और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। इस वारदात से भी निगम को 66 हजार रुपये का नुकसान हुआ। तितरम थाना क्षेत्र के गांव देवबन में 12 नवंबर की रात चोर राजेंद्र के खेत में लगा 16 केवीए का ट्रांसफार्मर ही उखाड़कर ले गए। बिजली निगम राजौंद की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में 60 हजार 950 रुपये की क्षति हुई है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।