संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। धान के सीजन में बेलगाम ओवरलोड वाहनों और पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही ने कलायत नगर की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह से चरमरा दिया है। नेशनल हाईवे को अनाज मंडी से जोडऩे वाले एकमात्र मार्ग रेलवे रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कैंची चौक और गर्ल स्कूल के सामने स्थित श्री कपिल मुनि रोड जाम के मुख्य केंद्र बन गए हैं। रेलवे रोड ही एकमात्र रास्ता होने के कारण धान के सीजन में यहां ओवरलोड वाहनों की संख्या काफी बढ़ गई है। स्थानीय दुकानदार शेखर राजकुमार, अमित गुप्ता और अनिल कुमार ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि रेलवे रोड पर हर समय जाम लगा रहता है। अब खेतों से पराली से भरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी इसी रोड से गुजरती हैं, जो सडक़ का बड़ा हिस्सा घेर लेती हैं, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो जाता है। नागरिकों ने प्रशासन की घोर अनदेखी पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि बार-बार जाम लगने और सुरक्षा जोखिम बढऩे के बावजूद भी प्रशासनिक अधिकारी इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से तुरंत ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर अंकुश लगाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की है ताकि लोगों को रोजाना के इस संकट से मुक्ति मिल सके।