अंबाला मंडल के उप निदेशक कविता के कार्यालय में कैथल के खिलाड़ियों के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट जारी
कैथल। हरियाणा ग्रुप-डी भर्ती के लिए सीईटी के आवेदन की आज अंतिम तारीख है लेकिन बड़ी संख्या में खिलाड़ी अभी भी ग्रेडेशन प्रमाणपत्र का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में यदि सीईटी आवेदन की अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई गई तो कई खिलाड़ी खेल कोटे के तहत आवेदन करने के अवसर से वंचित रह सकते हैं।
जिला खेल विभाग के अनुसार ग्रेडेशन प्रमाणपत्र के लिए 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि अब तक केवल 120 खिलाड़ियों के ही प्रमाणपत्र जारी हो पाए हैं। शेष खिलाड़ियों के दस्तावेजों का सत्यापन अभी बाकी है। आवेदन लगातार बढ़ने के कारण विभाग को लगभग प्रतिदिन खिलाड़ियों को सत्यापन के लिए अंबाला भेजना पड़ रहा है। शनिवार को भी खिलाड़ियों का एक दल अंबाला भेजा गया, जहां पात्र खिलाड़ियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। जिन खिलाड़ियों के दस्तावेज अधूरे हैं या जिनका सत्यापन नहीं हो पाया, उनके आवेदन अभी लंबित हैं। इन लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विभाग सोमवार को भी खिलाड़ियों को अंबाला लेकर जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रेडेशन प्रमाणपत्र जारी कराए जा सकें।
प्रमाणपत्र नहीं तो खेल कोटे से वंचित रह जाएंगे
ग्रेडेशन प्रमाणपत्र खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरियों और अन्य भर्तियों में आवेदन के लिए अनिवार्य दस्तावेज है। ग्रुप-डी भर्ती में खिलाड़ियों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान होने के कारण इस बार बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने इसके लिए आवेदन किया है। हालांकि समय कम होने और लंबित आवेदनों की संख्या अधिक होने से कई खिलाड़ियों की चिंता बढ़ गई है। यदि निर्धारित समय तक सभी खिलाड़ियों के ग्रेडेशन प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पाए और सीईटी आवेदन की अंतिम तिथि में विस्तार नहीं मिला, तो अनेक पात्र खिलाड़ी खेल कोटे का लाभ लेने से वंचित रह सकते हैं।
अब तक 120 खिलाड़ियों के ग्रेडेशन प्रमाणपत्र जारी हो चुके हैं। शेष आवेदनों के सत्यापन के लिए रविवार को भी खिलाड़ियों को अंबाला भेजा जाएगा। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक खिलाड़ियों का कार्य जल्द पूरा कराया जाए।
- राजरानी, जिला खेल अधिकारी, कैथल
अंबाला मंडल के उप निदेशक कविता के कार्यालय में कैथल के खिलाड़ियों के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट जारी