कलायत। कलायत विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को कलायत स्थित लोक निर्माण विश्रामगृह में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी और जिला प्रभारी अमरपाल राणा ने संगठन की महत्वपूर्ण बैठक लेकर कार्यकर्ताओं को अभियान से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में जिला महामंत्री जंगीर सिसला और मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान नेताओं ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य को गंभीरता से पूरा करने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क करने, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इसमें संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी और जिला प्रभारी अमरपाल राणा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सभी वर्गों के लोगों से बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए कैथल को एसआईआर अभियान में प्रदेश में अग्रणी स्थान दिलाना है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण होने से मृत व्यक्तियों के नाम हटाने, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं की पहचान करने और अन्य विसंगतियों को दूर करने में मदद मिलेगी। इससे चुनाव प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व विश्वसनीय बनेगी।
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजित चहल, जिला सचिव अजय प्रताप राणा, भाजपा किसान मोर्चा के प्रांतीय उपाध्यक्ष जयदीप राणा, सीएम विंडो प्रतिनिधि मैनपाल राणा, सचिन शर्मा, रमेश ढूंढवा, ठाकुर वीरेंद्र राणा, नरसी गर्ग, राहुल राणा, राममेहर शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकिशन काका राणा, राजेश नायक, महिपाल सैनी और नगर पालिका के पार्षद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी और जिला प्रभारी अमरपाल राणा ने शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लिया। इस दौरान श्री रैदास तख्त प्रबंध कमेटी के प्रधान डॉ. प्रीतम कोलेखा और नगर पालिका के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि राजू कौशिक के आवास पर आयोजित अभिनंदन समारोह में उनका स्वागत किया गया। डॉ. प्रीतम कोलेखा ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अतिथियों को लाइटर व रसोई उपयोगी सामग्री भेंट कर सम्मानित किया।
नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।