सेंटर तक पहुंचने में महिला परीक्षार्थियों की मदद करती पुलिस।
कैथल। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के दौरान कई परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे मामलों में पुलिस ने जरूरतमंद अभ्यर्थियों की सहायता करते हुए उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग किया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन के अनुसार परीक्षा के दौरान विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए थे कि यदि किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने या अन्य आवश्यक व्यवस्था में परेशानी हो तो उसकी यथासंभव मदद की जाए। इसी क्रम में ढांड चौक पर ड्यूटी के दौरान एक महिला परीक्षार्थी अपने परिजनों के साथ पुलिस टीम के पास पहुंची।
उसने बताया कि उसका परीक्षा केंद्र इंडस स्कूल में है और काफी प्रयास के बावजूद उसे कोई वाहन नहीं मिल पाया। परीक्षा शुरू होने का समय नजदीक होने के कारण उसके परीक्षा से वंचित रहने की आशंका थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने महिला परीक्षार्थी और परिजनों को सरकारी वाहन से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। इससे वह निर्धारित समय के भीतर केंद्र पहुंचकर परीक्षा में शामिल हो सकी। पुलिस कर्मियों ने रास्ता पूछने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र का मार्ग बताया और अन्य जरूरी सहायता भी की।
सेंटर तक पहुंचने में महिला परीक्षार्थियों की मदद करती पुलिस।
सेंटर तक पहुंचने में महिला परीक्षार्थियों की मदद करती पुलिस।