संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राजौंद खंड के खेड़ी सिंबल वाली निवासी एक 55 वर्षीय किसान ने खेत के पड़ोसी की हाथापाई करने व धमकी से तंग आकर जहर खाकर जान दे दी। मामले में मृतक के बेटे ने गांव के ही चार लोगों पर उसके पिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजौंद थाने में दी गई शिकायत में खेड़ी सिंबल वाली निवासी बलविंद्र ने बताया कि वह बिजली ठीक करने का काम करता है। गांव में उनके पास खेती योग्य जमीन है। उनके साथ राममेहर की जमीन लगती है। राममेहर उनके खेत में से पानी की पाइप लाइन जबरदस्ती दबाना चाहता था। उसको इसके लिए मना भी किया था लेकिन उसने लाइन दबाने के लिए जान बूझकर उनकी जमीन खोद दी।
बलविंद्र ने बताया कि जब उसके पिता बरसाती राम ने खेत में जाकर रोका तो राममेहर, टोनी, सेवा व रामपाल ने उसके पिता के साथ हाथापाई की। आरोप लगाते हुए कहा कि इतना ही नहीं अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। उनसे परेशान होकर उसके पिताजी बरसाती राम ने घर आकर कोई जहर खा लिया। इससे उनकी मौत हो गई।
बलविंद्र ने बताया कि मौत से पहले उसके पिता ने झगड़े के बारे में उसे बताया था। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राजौंद थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।