संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अवैध हथियारों के साथ नंदू गैंग के तीन गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो देसी पिस्तौल, चार मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए गए हैं। दो बदमाशों को पूछताछ के लिए पुलिस ने पांच दिन के रिमांड पर लिया जबकि तीसरे को जेल भेजा दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एचसी हरीश कुमार की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव मुंदड़ी के पास नहर पुल के नजदीक पुलिस को सूचना मिली कि पूंडरी-फरल रोड स्थित सिरसा ब्रांच नहर पुल के पास तीन युवक मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इनमें गांव नैना निवासी करण उर्फ अंकुश, सौरभ उर्फ बाबा तथा गांव जलमाणा जिला करनाल निवासी सुमित उर्फ सिमी शामिल हैं। करण के कब्जे से देसी पिस्तौल .32 बोर और छह कारतूस, सौरभ के कब्जे से देसी पिस्तौल .32 बोर और पांच कारतूस तथा सुमित के कब्जे से दो मैगजीन और चार कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नजफगढ़ निवासी गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू और उसके सहयोगी साहिल के कहने पर गैंग के अन्य सदस्यों से हथियार लेकर वारदात के बाद उन्हें आगे पहुंचाने का काम करते हैं। जांच में सामने आया है कि नंदू गैंग दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में फिरौती, सुपारी किलिंग, जमीन कब्जा और अवैध हथियारों की सप्लाई जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले कॉन्ट्रैक्ट लेकर एक व्यक्ति को गाड़ी से टक्कर मारकर हमला करने तथा नजफगढ़ में फिरौती मांगने और फायरिंग की वारदात के लिए दो लोगों की रेकी करने की बात भी कबूल की है। इसके अलावा दिल्ली में गैंग के अन्य सदस्यों को तीन अवैध हथियार सप्लाई करने का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को अदालत में पेश किए जाने पर करण और सुमित को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जबकि सौरभ को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।