संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने चोर गिरोह के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी की 12 वारदातों को सुलझाते हुए टीम ने करीब पांच लाख रुपये का चोरीशुदा सामान बरामद भी किया है। पुलिस के मुताबिक, इन 12 वारदातों में 11 कैथल और एक कुरुक्षेत्र जिले की वारदात शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपी आदतन अपराधी है।
पुलिस के अनुसार, इन तीनों आरोपियों की वर्ष 2023 दौरान कैथल जेल में दोस्ती हुई थी। इसके बाद तीनों मिलकर वारदात को अंजाम देने लगे। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की गिरफ्त में आने वालों में भूना गांव निवासी गोपाल उर्फ लाल, स्यों माजरा निवासी कुलदीप और कल्लर माजरा निवासी आरोपी सुल्तान शामिल हैं। इन्हें एक बाइक सहित काबू किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया था।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि आरोपी कुलदीप पर चोरी का एक, झगड़े के तीन मामले, गोपाल पर चार चोरी के व एक एनडीपीएस का मामला व आरोपी सुल्तान पर चोरी के पांच, एक एनडीपीएस का व एक झगड़े का केस दर्ज है। डीएसपी ने बताया कि बताया कि दुसेरपुर गांव निवासी मोती राम ने पुलिस को शिकायत दी थी कि दुसेरपुर स्थित गुरु ब्रह्मानंद मंदिर से 14 जनवरी की रात कमरे का ताला तोड़कर 350 स्टील की थाली, लगभग 100 स्टील के गिलास, सिल्वर की 15 बाल्टियां, लगभग 500 स्टील के चम्मच, चावल व चीनी से भरे दो पीपे, आधा पीपा देसी घी का, सिल्वर के दो बडे टब, 15 डोरी/ढोंगे, दो छत वाले पंखे, एंप्लीफायर डेक, माइक, रुपयों की माला व राजमिस्त्री का सामान चोरी करके ले गए। थाना गुहला थाना में यह केस दर्ज कराया गया था।
डीएसपी ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की वारदातों को देखते हुए एसपी राजेश कालिया ने एंटी व्हीकल थेफ्ट को आदेश दिए गए थे कि जल्द से जल्द चोरों को काबू किया जाए। इसके बाद एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ इंचार्ज एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एचसी महिपाल, एसआई शुभकरण, एएसआई अशोक, एचसी इश्म सिंह, एचसी राममेहर, एचसी लखविंद्र सिंह, चालक एचसी सुभाष, होमगार्ड प्रेम व तरसेम की टीम ने इन आरोपियों को काबू किया। ऐसे टीम ने 18 जनवरी की शाम को चीका रोड से तीनों आरोपियों को बाइक सहित काबू किया।
रिमांड में आरोपियों ने कबूली चोरी की वारदात को अंजाम देना ः डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि रिमांड अवधि दौरान पूछताछ दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। उपरोक्त चोरी की वारदात के अतिरिक्त 11 अन्य चोरी की वारदातों को अंजाम देना भी कबूल किया। इनमें मंदिर, आंगनबाड़ी केंद्र व स्कूलों से इन्वर्टर बैटरी, एलसीडी टीवी, मंदिरों के बर्तन, कैमरा डीवीआर, छत वाले पंखे, गेहूं चावल व अन्य सामान चोरी करना शामिल है। पुलिस टीम ने थाना सीवन के छह, गुहला के चार, पूंडरी का एक व थाना शहर थानेसर कुरुक्षेत्र के एक मामले सहित कुल 12 चोरी के मामले सुलझाने में सफलता हासिल की है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि उपरोक्त आरोपी दिन के समय स्कूलों व मंदिरों की रैकी करते थे व रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से एंपलीफायर, माइक, वारदात में प्रयुक्त बाइक, 182 प्लेट, 22 गिलास, छह बाल्टी,
चावल चीनी, एक टब, तीन डोंगे, दो पंखे, एक कटर, 285 चम्मच, देशी घी, सात इन्वर्टर, 10 बैटरी, चांदी के छत्र, कैमरे वाईफाई बॉक्स, डीवीआर, सात पंखे, तीन एलईडी टीवी, करीब दो क्विंटल गेहूं, करीब दो क्विंटल चावल,
एक चोरी की बाइक, लेंटर वाइब्रेटर व घरेलू रसोई का सामान व वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए।